गुजरात निकाय चुनाव: मोदी के वडनगर से कांग्रेस का पत्ता साफ, सौराष्ट्र ने बीजेपी को फिर दिखाया 'रेड कार्ड'
अहमदाबाद। गुजरात निकाय चुनाव के नतीजे सोमवार को घोषित कर दिए गए। राज्य की 75 नगरपालिकाओं में से 47 पर बीजेपी ने परचम लहराया तो 16 पर कांग्रेस ने जीत दर्ज की, जबकि 4 नगरपालिकाओं पर अन्य को विजय प्राप्त हुई है। गुजरात विधानसभा चुनाव की तरह निकाय चुनाव में भी कांग्रेस हारी तो जरूर, लेकिन बीजेपी को उसने कड़ी टक्कर दी। दूसरी ओर बीजेपी के लिए अच्छी बात यह रही कि उसने निकाय चुनावों में कांग्रेस को पीएम नरेंद्र मोदी के गृह क्षेत्र वडनगर में कांग्रेस का सूपड़ा साफ हो गया। वडनगर में बीजेपी ने 28 में 27 सीटें जीतकर कांग्रेस का सफाया कर दिया है। हालांकि, सौराष्ट्र से आए नतीजों ने बीजेपी को चिंता में डाल दिया है। गुजरात विधानसभा चुनाव के बाद अब निकाय चुनाव में भी यहां बीजेपी का प्रदर्शन खराब ही रहा है।

जानकारी के मुताबिक, बीजेपी ने नवसारी के बिलीमोरा में बीजेपी ने 21 वॉर्डों में जीत दर्ज की। वहीं, कांग्रेस को 3 और निर्दलीय को 13 सीटों पर जीत प्राप्त हुई। पार्डी और वलसाड में बीजेपी और कांग्रेस के बीच मुकाबला बराबरी का रहा। वहीं, सोनगढ़ में बीजेपी को 21 और कांग्रेस को 7 सीटें मिली। इसी प्रकार से जाफराबाद नगरपालिका में पहले ही बीजेपी को निर्विरोध रूप से जीत मिली। इसमें वलसाड के धरमपुर में बीजेपी ने 14 वॉर्ड में जीती, जबकि कांग्रेस को 10 वॉर्ड में जीत मिली। वलसाड के पारडी में बीजेपी और कांग्रेस का मुकाबला बराबरी का रहा। यहां बीजेपी और कांग्रेस ने 14-14 वॉर्डों में जीत दर्ज की है।
द्वारका में भारतीय जनता पार्टी को जबरदस्त जीत मिली है, साथ ही साणंद में भाजपा की बहुमत मिला है। इसके अलावा पार्टी को करमसद, कुतियाणा में भी भाजपा का जीत मिली है। चोरवाड और जूनागढ़ के वंथली में कांग्रेस को जीत मिली है। अमरेली में दो नगरपालिका में भाजपा को जीत मिली है, साथ ही कांग्रेस के खाते में एक सीट गई है। पोरबंदर की चोरवाड नगरपालिका सीट पर कांग्रेस को जीत मिली है। छाया नगरपालिका में भाजपा को 16 जबकि कांग्रेस को 12 सीटों पर जीत मिली है।
भारतीय जनता पार्टी ने सौराष्ट्र् के इलाके को छोड़कर तकरीबन सभी इलाकों में बेहतर प्रदर्शन किया। हालांकि भारतीय जनता पार्टी पिछले चुनाव के मुकाबले कम सीटें मिली है। इससे पहले 2013 के निकाय चुनावों में भारतीय जनता पार्टी को 60 सीटों पर जीत मिली थी, ऐसे में इस लिहाज से भारतीय जनता पार्टी को तकरीबन 16 सीटों का नुकसान हुआ है। वहीं कांग्रेस की बात करें तो कांग्रेस को पिछले निकाय चुनाव में कुल 11 सीटों पर जीत मिली थी, जबकि इस बार उसे 27 सीटों पर जीत मिली है।












Click it and Unblock the Notifications