'राम मंदिर' पर सियासी घमासान के बीच राहुल गांधी का पीएम मोदी पर हमला, पूछा 9वां सवाल
राम मंदिर के मुद्दे पर मचे घमासान के बीच कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी ने सोशल साइट ट्विटर के जरिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से 9वां सवाल पूछा है।
नई दिल्ली। राम मंदिर के मुद्दे पर मचे घमासान के बीच गुजरात में पहले चरण का चुनाव प्रचार आज थम जाएगा। तमाम दलों ने आज शाम 5 बजे से पहले चुनाव प्रचार के लिए अपनी पूरी ताकत झोंक दी है। इस बीच कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी ने सोशल साइट ट्विटर के जरिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से 9वां सवाल पूछा है। राहुल गांधी ने ट्विटर के जरिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और भाजपा पर हमला बोलते हुए पूछा है, '22 सालों का हिसाब #गुजरात_मांगे_जवाब प्रधानमंत्रीजी- 9वाँ सवाल: न की कर्ज़ माफ़ी, न दिया फसल का सही दाम, मिली नहीं फसल बीमा राशि, न हुआ ट्यूबवेल का इंतजाम, खेती पर गब्बर सिंह की मार, छीनी जमीन, अन्नदाता को किया बेकार, PM साहब बतायें, खेडुत के साथ क्यों इतना सौतेला व्यवहार?'

आपको बता दें कि राहुल गांधी लगातार सोशल साइट ट्विटर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से गुजरात के मुद्दों पर सवाल पूछ रहे हैं। इससे पहले राहुल गांधी महिला सुरक्षा, बेरोजगारी, कम वेतन और भ्रष्टाचार को लेकर सवाल उठा चुके हैं। राहुल गांधी लगातार पीएम मोदी पर हमलावर हैं, पहले उन्होंने गुजरात के विकास को कटघरे में खड़ा किया, फिर नोटबंदी, जीएसटी एक्ट को लेकर केंद्र सरकार पर हमला किया, उन्होंने जीएसटी को गब्बर सिंह एक्ट तक करार दिया था।
'राम मंदिर पर मचा है सियासी घमासान'
वहीं, राम मंदिर के मुद्दे को लेकर भी गुजरात में सियासी घमासान मचा हुआ है। मंगलवार को सुप्रीम कोर्ट में हुई सुनवाई के दौरान सुन्नी वक्फ बोर्ड के वकील और कांग्रेस नेता कपिल सिब्बल ने मांग की थी कि अयोध्या मामले की सुनवाई लोकसभा चुनाव तक टाल दी जाए। सिब्बल के इस बयान ने सियासी गलियारों में तूल पकड़ा हुआ है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कांग्रेस पर चुनाव के लिए राम मंदिर के मामले को लटकाने का आरोप लगाया है। वहीं कांग्रेस ने सिब्बल के बयान को उनका निजी मत बताते हुए पल्ला झाड़ लिया है।












Click it and Unblock the Notifications