ग्रुप कैप्टन वरुण सिंह की तबीयत को लेकर पिता ने दिया अपडेट, बोले- मेरा बेटा फाइटर है
नई दिल्ली, 11 दिसंबर: सीडीएस हेलीकॉप्टर क्रैश में इकलौते जिंदा बचे भारतीय वायुसेना के ग्रुप कैप्टन वरुण सिंह का इलाज बेंगलुरु के कमांड हॉस्पिटल में जारी है। उनकी हालत अभी भी नाजुक बनी हुई है। शनिवार को उनके पिता कर्नल केपी सिंह (सेवानिवृत्त) ने न्यूज एजेंसी पीटीआई से बात करते हुए अपने बेटे का हेल्थ अपडेट दिया। कर्नल सिंह के मुताबिक उनके बेटे की हालत में उतार चढ़ाव हो रहा है, ऐसे में अभी इस बारे में सही ढंग से कुछ नहीं कहा जा सकता है।

कर्नल सिंह ने आगे कहा कि मेरा बेटा एक फाइटर है, वो जरूर विजयी होकर आएगा। उन्हें सैन्य अस्पताल के इलाज पर पूरा भरोसा है। हर घंटे उनकी जांच की जा रही है, लेकिन उनके स्वास्थ्य में लगातार उतार-चढ़ाव हो रहा है। उन्होंने कहा कि हर कोई इस बारे में चर्चा कर रहा है, लेकिन ये बताना चाहूंगा कि हम सबसे अच्छे हाथों में हैं। बेहतरीन चिकित्सा सुविधा में वरुण का इलाज हो रहा है। साथ ही उन्हें एक्सपर्ट डॉक्टर देख रहे हैं। कर्नल सिंह के मुताबिक बहुत से लोग जो उन्हें नहीं जानते या फिर वो सेना से रिटायर हुए हैं, वो भी उनसे मिलने पहुंच रहे हैं। ऐसे में लोगों का बहुत ज्यादा प्यार और दुआएं मिल रही हैं।
चमत्कारी रूप से जिंदा बचे
आपको बता दें कि सीडीएस बिपिन रावत को ले जा रहा वायुसेना का Mi-17V5 हेलीकॉप्टर 8 दिसंबर को तमिलनाडु के नीलगिरी जिले में क्रैश हो गया था। जिसमें जनरल रावत, उनकी पत्नी समेत 13 लोगों की मौत हो गई, लेकिन ग्रुप कैप्टन वरुण सिंह जिंदा बच गए। पहले तो उनका इलाज वेलिंगटन के सैन्य अस्पताल में किया गया, लेकिन फिर उन्हें बेंगलुरु कमांड हॉस्पिटल शिफ्ट कर दिया गया। शनिवार को वायुसेना के अधिकारियों ने बताया था कि उनकी स्थिति गंभीर लेकिन स्थिर बनी हुई है।












Click it and Unblock the Notifications