क्लास में उठी खांसी तो टीचर ने छात्र को बुरी तरह पीटा, केस दर्ज
नई दिल्ली। राजधानी दिल्ली से सटे ग्रेटर नोएडा में एक स्कूल टीचर पर 10वीं के छात्र को बुरी तरह पीटने का आरोप लगा है। आरोप है कि क्लास में छात्र को खांसी आ गई जिसके कारण टीचर को गुस्सा आ गया और उसकी डंडे से बुरी तरह पिटाई कर दी। यहीं नहीं, इसके बाद क्लास के बाहर उसे मुर्गा बनाया। काफी देर तक मुर्गा बनाने के बाद भी उसे लात-घूंसों से पीटा। छात्र के परिवार ने ग्रेटर नोएडा कोतवाली में टीचर के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है।

ये मामला गिरधरपुर गांव के एक स्कूल का बताया जा रहा है। बताया जा रहा है कि पीड़ित छात्र 4 दिन से कासना के आयुर्विज्ञान संस्थान में भर्ती है जहां उसका इलाज किया जा रहा है। पूरे मामले पर छात्र के पिता का कहना है कि 22 नवंबर को उनका बेटा स्कूल गया था। उस दिन सामाजिक विज्ञान की क्लास में उसे खांसी आ गई। इससे क्लास में पढ़ा रहे टीचर को गुस्सा आ गया। टीचर ने डंडे से उसे पीटा और फिर मुर्गा बना दिया। काफी देर मुर्गा बनाने के बाद भी उसे लात-घूंसों से पीटा।
पिटाई के बाद छात्र ने चक्कर आने की बात कही तब भी उसे घर नहीं जाने दिया गया। आरोप है कि टीचर ने पिटाई की बात घर बताने पर उसे जान से मारने की धमकी भी दी। परिवारवालों को जब घटना की जानकारी मिली तो वे टीचर की शिकायत करने के लिए प्रिंसिपल के पास गए तो प्रिंसिपल ने मामले की जानकारी होने से मना कर दिया। इसके बाद जब स्कूल प्रबंधन की तरफ से कोई कार्रवाई नहीं की गई, परिजनों ने 100 नंबर पर कॉल कर पुलिस को इसकी सूचना दी।












Click it and Unblock the Notifications