सरकार ने आईपीएस भर्ती में पदों की संख्या 150 से बढ़ाकर 200 की: लोकसभा में गृह राज्यमंत्री
नई दिल्ली, 8 फरवरी: केंद्र सरकार ने सिविल सेवा परीक्षा, 2020 से भारतीय पुलिस सेवा भर्ती (आईपीएस) की संख्या को बढ़ाकर 200 कर दिया है। इससे पहले ये संख्या 150 थी। यूपीएससी परीक्षा 2021 के जरिए 200 आईपीएस अधिकारियों की भर्ती होगी। केंद्रीय गृह राज्यमंत्री नित्यानंद राय ने मंगलवार को लोकसभा में एक अतारांकित प्रश्न का लिखित जवाब देते हुए ये जानकारी दी है। एक और सवाल पर नित्यानंद राय ने लोकसभा में बताया कि पिछले पांच साल के दौरान 4,844 लोगों को भारतीय नागरिकता प्रदान की गई है।

नित्यानंद राय ने बताया है कि साल 2020 की सिविल सेवा परीक्षा में भारतीय पुलिस सेवा के अधिकारियों के लिए भर्ती की संख्या को 150 से बढ़ाकर 200 कर दिया गया है। बता दें कि यूपीएससी हर साल सिविल सेवा परीक्षा में तीन चरणों- प्रारंभिक, मुख्य परीक्षा और साक्षात्कार के जरिए भारतीय प्रशासनिक सेवा (आईएएस), भारतीय पुलिस सेवा (आईपीएस) और भारतीय विदेश सेवा (आईएफएस) सेवाओं के लिए चयन करता है। यूपीएससी को संबंधित सेवाओं में सीधी भर्ती के जरिए भरने की सूचना कैडर नियंत्रण प्राधिकरण सीएसई के माध्यम से देता है।
बता दें कि इस समय संसद का बजट सत्र चल रहा है। बजट सत्र 31 जनवरी को शुरू हुआ था। 1 फरवरी को संसद में वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने आम बजट पेश किया था। सत्र का ये फेज 11 फरवरी तक चलेगा। इसके एक महीने के बाद 14 मार्च से बजट सत्र का दूसरा चरण शुरू होगा, जो आठ अप्रैल तक चलेगा।












Click it and Unblock the Notifications