Windfall Tax Cut: पेट्रोल होगा सस्ता? विंडफॉल टैक्स हुआ जीरो, आम जनता की जेब पर पड़ेगा क्या असर?
Windfall Tax: भारत सरकार ने पेट्रोलियम उत्पादों के निर्यात पर लगने वाले विंडफॉल टैक्स में एक बार फिर बदलाव किया है। शनिवार से लागू नए आदेश के मुताबिक पेट्रोल, डीजल और हवाई जहाजों में इस्तेमाल होने वाले एविएशन टर्बाइन फ्यूल यानी एटीएफ के निर्यात पर शुल्क घटा दिया गया है।
सबसे बड़ा बदलाव पेट्रोल के मामले में हुआ है, जहां निर्यात शुल्क अब पूरी तरह खत्म कर दिया गया है। वहीं डीजल और एटीएफ पर भी प्रति लीटर शुल्क कम किया गया है। डीजल का शुल्क 25.5 रुपये से घटकर 24 रुपये और एटीएफ का 22 रुपये से घटकर 19.5 रुपये प्रति लीटर हो गया है। सरकार अंतरराष्ट्रीय तेल कीमतों के आधार पर इन दरों की नियमित समीक्षा करती है।

पेट्रोल पर अब कोई शुल्क नहीं
सरकार के नए आदेश के बाद पेट्रोल के निर्यात पर लगने वाला शुल्क 3.5 रुपये प्रति लीटर से घटकर शून्य हो गया है। नए रेट इस प्रकार हैं-
| पेट्रोलियम उत्पाद | पहले का शुल्क | नया शुल्क |
|---|---|---|
| पेट्रोल | ₹3.5 प्रति लीटर | ₹0 |
| डीजल | ₹25.5 प्रति लीटर | ₹24 प्रति लीटर |
| एटीएफ | ₹22 प्रति लीटर | ₹19.5 प्रति लीटर |
इस बदलाव से पेट्रोलियम उत्पादों का निर्यात करने वाली कंपनियों को राहत मिलने की उम्मीद है।
ये भी पढ़ें: Himachal Petrol Diesel Cess: सरकार ने लगाया 'अनाथ और विधवा सेस', महंगा हुआ पेट्रोल-डीजल
आपकी जेब पर कितना असर?
विंडफॉल टैक्स में हुई इस कटौती का आम लोगों की जेब पर सीधा असर नहीं पड़ेगा। यह शुल्क घरेलू स्तर पर पेट्रोल या डीजल खरीदने वाले ग्राहकों पर नहीं, बल्कि इनके निर्यात पर लगाया जाता है। हालांकि, टैक्स कम होने से निर्यात करने वाली कंपनियों पर शुल्क का बोझ घटेगा। सरकार अंतरराष्ट्रीय बाजार में तेल की कीमतों पर नजर बनाए हुए है और आगे भी इन दरों में बदलाव किया जा सकता है।
जुलाई 2022 में पहली बार लगा था टैक्स
भारत में विंडफॉल टैक्स पहली बार जुलाई 2022 में लागू किया गया था। उस समय तेल की कीमतों में तेजी के कारण कंपनियों को सामान्य से काफी ज्यादा मुनाफा हो रहा था। सरकार ने इसी अतिरिक्त कमाई पर टैक्स लगाने का फैसला किया था।
करीब दो साल बाद इसे समाप्त कर दिया गया था। इसके बाद मार्च 2026 में अमेरिका-इजराइल युद्ध के बीच ईरान पर हमले के बाद तेल की कीमतों में तेजी आई, जिसके बाद सरकार ने विंडफॉल टैक्स को फिर लागू किया। अब कच्चे तेल और पेट्रोलियम उत्पादों की अंतरराष्ट्रीय कीमतों को देखते हुए सरकार हर दो सप्ताह में निर्यात शुल्क की समीक्षा करती है। फिलहाल दिए गए आंकड़े के मुताबिक, 1 अमेरिकी डॉलर करीब 95.44 रुपये के बराबर है।
3 अगस्त को हुई थी बड़ी बढ़ोतरी
इससे पहले 3 अगस्त को सरकार ने पेट्रोलियम उत्पादों के निर्यात पर लगने वाले शुल्क में बढ़ोतरी की थी। उस समय पेट्रोल का शुल्क 2.5 रुपये से बढ़ाकर 3.5 रुपये प्रति लीटर कर दिया गया था। डीजल पर शुल्क 15.5 रुपये से बढ़ाकर 25.5 रुपये किया गया था। वहीं एटीएफ का शुल्क 14.5 रुपये से बढ़कर 22 रुपये प्रति लीटर हो गया था। यानी डीजल पर एक बार में करीब 10 रुपये प्रति लीटर की बढ़ोतरी की गई थी।
16 जुलाई को भी बदले थे रेट
इससे पहले 16 जुलाई की समीक्षा में डीजल और एटीएफ पर शुल्क बढ़ाया गया था, जबकि पेट्रोल पर टैक्स कम किया गया था। उस समय डीजल का शुल्क 8.5 रुपये से बढ़कर 15.5 रुपये, एटीएफ का 7.5 रुपये से बढ़कर 14.5 रुपये और पेट्रोल का शुल्क 4 रुपये से घटकर 2.5 रुपये प्रति लीटर किया गया था। इससे पहले की समीक्षा में पेट्रोल का शुल्क 1.5 रुपये से बढ़ाकर 4 रुपये, डीजल का 14 रुपये से घटाकर 8.5 रुपये और एटीएफ का 12.5 रुपये से घटाकर 7.5 रुपये प्रति लीटर किया गया था।
अप्रैल से लगातार बदलते रहे शुल्क
30 अप्रैल को डीजल के निर्यात पर 23 रुपये और एटीएफ पर 33 रुपये प्रति लीटर शुल्क था। उस समय पेट्रोल पर कोई निर्यात शुल्क नहीं लगाया गया था। इसके बाद 30 जून को पेट्रोल पर 4 रुपये, डीजल पर 8.5 रुपये और एटीएफ पर 7.5 रुपये प्रति लीटर शुल्क तय किया गया।
अब ताजा फैसले के बाद पेट्रोल का निर्यात शुल्क फिर शून्य हो गया है, जबकि डीजल और एटीएफ पर भी पहले के मुकाबले कम शुल्क लागू किया गया है।
ये भी पढ़ें: डीजल और ATF पर बढ़ी एक्सपोर्ट ड्यूटी, आज से लागू हुई नई कीमतें, आपकी जेब पर कितना होगा असर?


Click it and Unblock the Notifications
