वाइस चीफ एयर मार्शल आरकेएस भदौरिया नए वायुसेना प्रमुख नियुक्त
नई दिल्ली। वाइस चीफ एयर मार्शल राकेश कुमार सिंह भदौरिया को नया वायुसेना प्रमुख नियुक्त किया गया है। रक्षा मंत्रालय के प्रवक्ता ने गुरुवार को ये जानकारी दी है। एयर मार्शल आरकेएस भदौरिया ने 1 मई, 2019 को इंडियन एयरफोर्स के वाइस चीफ का पदभार संभाला था। अब उनको एक और पदोन्नति मिली है। भदौरिया मौजूदा वायुसेना प्रमुख बीएस धनोआ की जगह लेंगे। धनोआ 30 सितंबर को अपने पद से रिटायर हो रहे हैं।

एयर मार्शल आरकेएस भदौरिया परम विशिष्ट सेवा मेडल, अति विशिष्ट सेवा मेडल, वायुसेना मेडल से सम्मानित हैं। वह वाइस चीफ ऑफ एयर स्टाफ पद प्राप्त करने से पहले वायुसेना के बेंगलुरु ट्रेनिंग कमांड के प्रमुख थे। भदौरिया 15 जून, 1980 को एयर फोर्स की फाइटर स्ट्रीम में 'सॉर्ड ऑफ ऑनर' सम्मान के साथ शामिल हुए थे। वह जनवरी 2016 से 28 फरवरी, 2017 के बीच नैशनल डिफेंस अकेडमी के कमांडेंट, सेंट्रल एयर कमांड के सीनियर स्टाफ ऑफिसर और डेप्युटी चीफ ऑफ एयर स्टाफ के पद पर रह चुके हैं। उन्होंने डेप्युटी-चीफ के नाते फ्रांस के साथ 36 रफाल युद्धक विमानों के सौदे के लिए नियुक्त भारतीय दल की अध्यक्षता की थी।
भदौरिया अभी धनोवा के बाद वायुसेना में सबसे सीनियर मोस्ट हैं. एयर मार्शल भदौरिया राफेल खरीदने की पूरी प्रक्रिया में शामिल रहे हैं। खास बात ये है कि भदौरिया का रिटायरमेंट भी धनोआ के साथ 30 सितंबर को ही होने वाला था। सरकार ने उन्हें नया वायुसेना प्रमुख नियुक्त कर दिया है। ऐसे में 60 साल के भदौरिया 2 साल तक पद पर रहेंगे। बता दें कि भारतीय वायुसेना के 25वें प्रमुख एयर चीफ मार्शल बीरेंद्र सिंह धनोआ 30 सितंबर को सेवानिवृत्त होने जा रहे हैं। उन्होंने एक जनवरी 2017 को यह दायित्व संभाला था।












Click it and Unblock the Notifications