अग्निपथ योजना पर JDU ने स्पष्ट किया अपना रुख, केसी त्यागी बोले- युवाओं से बातचीत करे सरकार
नई दिल्ली, जून 19। अग्निपथ योजना के खिलाफ देशभर में हो रहे विरोध प्रदर्शन के बीच भाजपा की सहयोगी जेडीयू के सुर थोड़े अलग नजर आ रहे हैं। केंद्र की इस योजना के खिलाफ जेडीयू अपनी आपत्तियों को दर्ज कराने में मुखर रही है। जेडीयू के नेता और राष्ट्रीय प्रवक्ता केसी त्यागी ने एक लेटेस्ट इंटरव्यू में इस योजना से संबंधित मुद्दों पर पार्टी का रूख स्पष्ट किया है। केसी त्यागी ने सबसे पहले तो यह साफ किया है कि उनकी पार्टी इस योजना के विरोध में तो नहीं है, लेकिन हम यह चाहते हैं कि इस योजना पर फिर से विचार किया जाए।

इस योजना की समीक्षा के लिए बुलाई जाए बैठक- केसी त्यागी
केसी त्यागी ने कहा है कि सरकार को विरोध करने वाले युवाओं के साथ तत्काल संवाद करना चाहिए ताकि उन्हें इस योजना के बारे में सबकुछ समझाया जा सके। उन्होंने कहा है कि जेडीयू इस योजना को वापस लेने की मांग नहीं कर रही है बल्कि हम युवाओं के गुस्से को देखते हुए यह मांग कर रहे हैं कि सरकार इस योजना की समीक्षा के लिए एक बैठक बुलाए।
प्रधानमंत्री खोजेंगे इस संकट का समाधान- केसी त्यागी
केसी त्यागी ने आगे कहा है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को खुद आगे आकर युवाओं को समझाना चाहिए, उन्होंने ऐसा पहले भी किया है। केसी त्यागी ने कहा कि जिस तरह प्रधानमंत्री ने भूमि अधिग्रहण विधेयक को वापस लिया था, जिस तरह कृषि कानूनों को वापस लिया था, ऐसे ही मुझे लगता है कि प्रधानमंत्री युवाओं की चिंता भी दूर करेंगे और वर्तमान में जो संकट है उसका समाधान खोजेंगे।
केसी त्यागी ने कहा कि अग्निपथ योजना को लेकर हमारी असहमति नहीं है बल्कि हम महत्वपूर्ण नीतिगत मामलों पर अपनी बात रख रहे हैं। यहां तक कि प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी के कार्यकाल में भी हमारे बीच मतभेद थे और भाजपा ने समान नागरिक संहिता जैसे कुछ विवादास्पद मुद्दों को दरकिनार कर दिया। एनआरसी पर हमारा भी भाजपा से मतभेद था। जनसंख्या नियंत्रण को लेकर भी हम भाजपा से अलग हैं।












Click it and Unblock the Notifications