नहीं है आपके पास आधार कार्ड तो बढ़ जाएगा आपका खर्चा

नई दिल्ली। अगर आपके पास आधार कार्ड नहीं है तो जल्दी अलर्ट हो जाइए। पेट्रोलियम मंत्रालय ने एलपीजी पर मिलने वाली सब्सिडी के लिए आधार कार्ड जरूरी कर दिया है। बिना आधार कार्ड के अब गैस पर सब्सिडी नहीं मिलेगी।
पेट्रोलियम एंड नेचुरल गैस मिनिस्ट्री ने मंगलवार को लिए गए फैसले में आधार कार्ड को गैस सब्सिडी के लिए जरूरी बना दिया है। इसके लिए 30 नवंबर तक का समय दिया गया है। सब्सिडी पाने के लिए उपभोक्ताओं को निर्धारित समय में आधार कार्ड बनवाकर कनेक्शन से लिंक कराना होगा।
अब तक ऐसे मिलती थी सब्सिडी
गैस कंपनियां अभी तक उपभोक्ताओं को ड्राइविंग लाइसेंस या अन्य पहचान पत्रों के आधार पर सब्सिडी देती रही हैं। कंपनियों ने अब उपभोक्ताओं के लिए यह सुविधा दी है कि वे आधार कार्ड आवेदन किए जाने का प्रूफ दिखाकर सब्सिडी ले सकेंगे।
कंपनियों को करना पड़ेगा ये काम
मंत्रालय की ओर से जारी नोटिफिकेशन में यह भी कहा गया है कि जिन इलाकों में लोगों को आधार कार्ड बनवाने में परेशानी हो रही हैं वहां गैस कंपनियों की जिम्मेदारी होगी कि वे उपभोक्ताओं को आधार कार्ड बनवाने में मदद करें।
मई में लिया गया था फैसला
बता दें कि मई 2016 में प्रधानमंत्री कार्यालय में हुई मीटिंग में आधार कार्ड को तमाम सरकारी योजनाओं के फायदे लेने के लिए जरूरी करने का फैसला लिया गया था। जिसके बाद इस पर सभी संबंधित विभागों को सूचना दी गई थी। सरकार के फैसले के खिलाफ सुप्रीम कोर्ट में कई याचिकाएं भी विचाराधीन हैं। अगस्त में सुप्रीम कोर्ट ने सरकार से स्कॉलरशिप और फेलोशिप के लिए आधार कार्ड को जरूरी करने संबंधी आदेश को वापस लेने को कहा था।












Click it and Unblock the Notifications