गोरखपुर-फूलपुर पर कांग्रेस उम्मीदवार की जमानत जब्त
नई दिल्ली। देश भर में अस्तित्व बचाने के संकट से जूझ रही कांग्रेस को उत्तर प्रदेश के गोरखपुर और फूलपुर लोकसभा के उपचुनाव में भी हार का सामना करना पड़ा। इतना ही नहीं एक समय में कांग्रेस की सीट कही जाने वाली फूलपुर में पार्टी के कैंडिडेट की जमानत तक जब्त हो गई। वहीं गोरखपुर में भी कांग्रेस के साथ कुछ ऐसा ही हुआ। गोरखपुर में कांग्रेस प्रत्याशी सुरहिता चैटर्जी थीं और फूलपुर में मनीष मिश्रा। हालांकि कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने कांग्रेस की हार पर अलग राय जाहिर की है। राहुल ने ट्वीट कर कहा कि - 'आज के उपचुनावों में जीतने वाले उम्मीदवारों को बधाई। नतीजों से स्पष्ट है कि मतदाताओं में भाजपा के प्रति बहुत क्रोध है और वो उस गैर भाजपाई उम्मीदवार के लिए वोट करेंगे जिसके जीतने की संभावना सबसे ज़्यादा हो। कांग्रेस यूपी में नवनिर्माण के लिए तत्पर है, ये रातों रात नहीं होगा।'

बता दें कि इस उपचुनाव में गोरखपुर से सपा उम्मीदवार प्रवीण निषाद और फूलपुर से नागेंद्र पटेल ने जीत दर्ज की है। वहीं उपचुनावों में भाजपा की करारी हार पर आदित्यनाथ ने कहा है कि नतीजों की समीक्षा करेंगे। उन्होंने कहा कि इस तरह के नतीजों की उम्मीद नहीं थी लेकिन ये जनता का फैसला है। आदित्यनाथ ने चुनाव में जीते उम्मीदवारों को बधाई दी और उम्मीद जताई कि वो प्रदेश के विकास में सहयोग करेंगे। आदित्यनाथ ने कहा कि बीच चुनाव में राज्यसभा की सौदेबाजी के लिए सपा-बसपा एक हो गए, जिससे भाजपा को नुकसान हुआ। आदित्यनाथ ने कहा कि पार्टी कार्यकर्ताओं के लिए नतीजे सीख देने वाले हैं कि अतिआत्मविश्वास की जगह जमीन पर काम करें और जनता के बीच रहें।
डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य ने कहा है कि हमें उम्मीद नहीं थी कि बहुजन समाज पार्टी का वोट इस तरह से समाजवादी पार्टी को हस्तांतरित होगा। फिलहाल हमें अंतिम परिणाम का इंतजार है। आखिरी नतीजे आने के बाद हम उसका विश्वेषण करेंगे, साथ ही हम आगे की रणनीति पर विचार करेंगे। साथ ही 2019 के चुनावों को लेकर भी हम आगे की रणनीति बनाएंगे।












Click it and Unblock the Notifications