गोरखपुर: पूर्वांचल के मशहूर बिजनेसमैन के घर की दीवार पर गेंद ढूंढने चढ़ा छात्र, गार्ड ने मारी गोली
गोरखपुर। यूपी के सीएम योगी आदित्यनाथ के गृह जनपद गोरखपुर में एक सिरफिरे सुरक्षा गार्ड की करतूत सामने आई है। गोरखनाथ क्षेत्र के विकासनगर में रहने वाले उद्योगपति चंद्र प्रकाश अग्रवाल उर्फ चंदू बाबू के बाडीगार्ड ने उनके आवास की बाउंड्री पर चढ़े एक छात्र को गोली मार दी। छात्र क्रिकेट खेल रहा था और गेद ढूंढने के लिए दीवार पर चढ़ा था। गोली लगने के बाद छात्र दीवार से गिरकर तड़पने लगा। मौके पर मौजूद लोग उसे फौरन बीआरडी मेडिकल कॉलेज ले गए जहां उसकी नाजुक हालत देखते हुए डॉक्टरों ने पीजीआई लखनऊ रेफर कर दिया है। छात्र को सिर और आंख में गोली लगी है। इस दुस्साहसिक घटना को अंजाम देने के बाद गार्ड फरार हो गया। आपको बता दें सीपी अग्रवाल पूर्वांचल के मशहूर सरिया व्यवसायी हैं।

जानकारी के मुताबिक गोरखनाथ इलाके के जप्ती टोला लच्छीपुर के रहने वाले लड़के पास के रामलीला मैदान में रोज की तरह क्रिकेट खेल रहे थे। इसी मोहल्ले का रहने वाला 18 वर्षीय छात्र विनोद उर्फ अरविंद चौहान भी 12वीं पास करने के बाद विश्वविद्यालय में प्रवेश की सूची में नाम देखने के बाद घर लौटा। उसके बाद वो भी रोज की तरह क्रिकेट खेलने के लिए रामलीला मैदान में पहुंच गया। उसके साथ क्रिकेट खेल रहे उसके चचेरे भाई सूरज चौहान ने बताया कि खेल के दौरान ही गेंद आवास के अंदर चली गई थी। वे और अरविन्द गेंद ढूंढने के लिए दीवार पर चढ़ गए.।इसी दौरान गार्ड संदीप ने बंदूक से फायर कर दिया। गोली अरविन्द को सिर में आकर लगी।
एसएसपी गोरखपुर सुनील गुप्ता ने बताया कि घटना के बाद से आरोपी गार्ड मौके से फरार हुआ है। उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमें लगाई गई हैं। इसके साथ ही एसएसपी ने बताया है कि शुरूआती जांच में चोरी के संदेह होने पर गार्ड द्वारा फायरिंग करने की बात भी सामने आई है। स्थानीय लोगों का कहना है कि क्रिकेट गेंद लेने गये युवक पर गार्ड ने गोली चलाई। ऐसे में आरोपी गार्ड की गिरफ्तारी के बाद ही असल वजह का पता चल पाएगा और आगे की कार्रवाई होगी।












Click it and Unblock the Notifications