Goa Night Club Fire Tragedy: मृतकों को ₹2 लाख-घायलों को ₹50 हजार, सरकार ने जारी किए ये हेल्पलाइन नंबर
Goa Night Club Fire Tragedy Helpline Number: गोवा के उत्तर जिले के अरपोरा गांव में शनिवार (6 दिसंबर 2025) रात एक नाइटक्लब में भीषण आग लगने से 25 लोगों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि 6 अन्य घायल बताए जा रहे हैं। घटना 'बर्च बाय रोमियो लेन' नामक पॉपुलर नाइटक्लब में मध्यरात्रि के आसपास हुई, जहां बॉलीवुड बैंगर नाइट का आयोजन चल रहा था। पुलिस के अनुसार, आग की शुरुआत किचन एरिया में गैस सिलेंडर के विस्फोट से हुई, जो तेजी से पूरे क्लब में फैल गई। अधिकांश पीड़ित कर्मचारी थे, जो धुएं और दम घुटने का शिकार हो गए।
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि क्लब में उस वक्त करीब 100 लोग मौजूद थे, जो डांस फ्लोर पर मस्ती में डूबे हुए थे। अचानक विस्फोट की आवाज के साथ आग भड़क उठी, जिससे अफरा-तफरी मच गई। कुछ पर्यटक तो भागकर बाहर निकल आए, लेकिन कई कर्मचारी और मेहमान निचले तल की किचन में फंस गए। वहां सीमित निकासी के रास्तों के कारण वे बच नहीं सके। दमकलकर्मियों ने घंटों की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक 25 शव बरामद हो चुके थे। मृतकों में 4 पर्यटक और 14 कर्मचारी शामिल हैं, जबकि 7 शवों की पहचान बाकी है। घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनकी हालत स्थिर बताई जा रही है।

'गोवा के लिए बेहद दर्दनाक दिन'
मुख्यमंत्री डॉ. प्रमोद सावंत ने इसे 'गोवा के लिए बेहद दर्दनाक दिन' करार देते हुए घटनास्थल का दौरा किया। उन्होंने फायर सेफ्टी नॉर्म्स का पालन न करने की आशंका जताते हुए मजिस्ट्रियल जांच के आदेश दिए हैं। सीएम ने कहा, 'क्लब के मालिक और जनरल मैनेजर के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली गई है। दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होगी।' राज्य सरकार ने सभी नाइटक्लब्स और पार्टी वेन्यूज का सेफ्टी ऑडिट कराने का फैसला लिया है, ताकि भविष्य में ऐसी त्रासदी न हो।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी गहन शोक व्यक्त किया। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा, 'अरपोरा में लगी आग की घटना बेहद दुखद है। अपने प्रियजनों को खोने वालों के परिवारों के प्रति मेरी गहरी संवेदनाएं। घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करता हूं। गोवा के सीएम डॉ. प्रमोद सावंत से बात की। राज्य सरकार प्रभावितों को हर संभव सहायता दे रही है।' पीएम ने मृतकों के परिजनों को 2 लाख रुपये और घायलों को 50 हजार रुपये की अनुमति राशि की घोषणा की। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू और गृह मंत्री अमित शाह ने भी शोक संदेश जारी कर सहायता का भरोसा दिलाया।
Goa Night Club Fire Helpline Number: आपातकालीन हेल्पलाइन: तत्काल सहायता के लिए ये नंबर
इस विपत्ति के बाद गोवा सरकार ने परिवारों, पर्यटकों और स्थानीय निवासियों की मदद के लिए विशेष हेल्पलाइन नंबर जारी किए हैं। उत्तर गोवा कलेक्टर कार्यालय के नेतृत्व में राज्य प्रशासन ने कहा कि ये चैनल त्वरित जानकारी, सहायता और समन्वय सुनिश्चित करेंगे। मुख्य संपर्क बिंदु इस प्रकार हैं:-
मुख्य हेल्पलाइन नंबर:
- - उत्तरी गोवा जिला कंट्रोल रूम: 0832-2225383
- - गोवा पुलिस कंट्रोल रूम (उत्तरी गोवा): 7875756000
अन्य संपर्क अधिकारी:
- - बर्देज-I तहसीलदार वर्षा एस. परब: 8308014526
- - बर्देज-II तहसीलदार वसंत दाभोलकर: 7083234963
- - तिसवाड़ी तहसीलदार भीकू एल. गवास: 9421151048
- - मामलतदार कार्यालय (अनंत राजाराम मलिक): 9637779277
- - मामलतदार कार्यालय (दत्तप्रसाद तोरास्कर): 9923882807
ये नंबर 24x7 सक्रिय रहेंगे। यदि आपका कोई परिचित लापता है या सहायता चाहिए, तो तुरंत संपर्क करें।
गोवा, जो पर्यटकों का प्रमुख आकर्षण है, इस घटना से स्तब्ध है। विपक्ष ने सरकार पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए पारदर्शी जांच की मांग की है। फिलहाल, पुलिस और फॉरेंसिक टीम कारणों की गहन जांच में जुटी है। अधिक अपडेट के लिए बने रहें।
ये भी पढ़ें- Goa Night Club: जिंदा तड़प-तड़पकर 25 लोगों की मौत-जिम्मेदार कौन? मालिक अरेस्ट, अब DNA टेस्ट से मृतकों की पहचान












Click it and Unblock the Notifications