CM मनोहर पर्रिकर की मौत की फर्जी खबर फेसबुक पर डालने वाला गिरफ्तार
पणजी। गोवा पुलिस की अपराध शाखा ने सीएम मनोहर पर्रिकर की मौत की फर्जी खबर फेसबुक पर डालने वाले को गिरफ्तार कर लिया है। आपको बता दें कि सीएम मनोहर पर्रिकर इस वक्त पैंक्रीयाज यानि कि अग्नाशय की बीमारी से जूझ रहे हैं, उनका अमेरिका में इलाज चल रहा है। इस बारे में मीडिया से बात करते हुए अपराध शाखा के एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा कि वास्को शहर के निवासी केनेथ सिलवीरा नाम के शख्स को गिरफ्तार किया गया है, उसने ही अपने फेसबुक अकाउंट पर पर्रिकर के बारे में फेक न्यूज डाली थी।

अधिकारी ने कहा कि केनेथ सिलवीरा से इस बारे में पूछताछ जारी है कि आखिर उसने इस तरह की गलत बात फेसबुक पर क्यों पोस्ट की। सिलवीरा को आईपीसी की धारा 505 के तहत गिरफ्तार किया गया है और आज ही उन्हें मजिस्ट्रेट के सामने पेश किया जाएगा।आपको बता दें कि केनेथ सिलवीरा ने ही पणजी विधानसभा क्षेत्र के लिये पिछले साल हुए उपचुनाव में पर्रिकर के खिलाफ चुनाव लड़ा था लेकिन वो जीत नहीं पाए।
सिलवीरा ने फेसबुक पर लिखा- पर्रिकर अब नहीं रहे
आपको बता दें कि मंगलवार को सिलवीरा ने फेसबुक पर अंग्रेजी में एक पोस्ट किया था, जिसमें उन्होंने लिखा था कि अभी-अभी मुझे पता चला है कि पर्रिकर अब नहीं रहे। इस पोस्ट के बाद हड़कंप मच गया था जिसके बाद पुलिस सक्रिय हुई। हालांकि सिलवीरा ने अभी तक अपना ये फेसबुक पोस्ट डिलीट नहीं किया है। पुलिस ने ये भी कहा कि पर्रिकर का इलाज चल रहा है, उन्हें थोड़ी स्वास्थ्य परेशानियां हैं लेकिन वो खतरे से बाहर हैं, इसलिए उनकी चिंता करने वाले लोगों से हम अपील करते हैं कि वो परेशान ना हों।












Click it and Unblock the Notifications