शर्मनाक: भूत उतारने के लिए लड़की को जबर्दस्ती भैंस का गोबर खिलाया
परिजनों को लड़की और तीन महिलाओं पर भूत सवार होने का शक था। वे उनको तांत्रिक के पास ले गए जहां लड़की के साथ ज्यादती की गई।
लातूर। महाराष्ट्र के लातूर में एक 17 साल की लड़की को भैंस का गोबर खाने पर मजबूर किया गया। पुलिस के अनुसार, लड़की के ऊपर चढ़े भूत को उतारने के लिए परिजनों की मदद से तांत्रिक ने जबर्दस्ती उसके साथ ऐसा घिनौना काम किया।

लड़की और दो महिलाओं पर भूत सवार होने के आरोप
लातूर में चाकुर इलाके के पास धनगरवाड़ी गांव में यह घटना हुई है। गांव के एक आदमी ने स्थानीय पुलिस थाने में इसकी शिकायत दर्ज कराई है। मिली जानकारी के मुताबिक, घर में लगातार झगड़ा करने की वजह से लड़की और दो अन्य महिलाओं पर प्रेतात्मा का साया होने का आरोप परिजनों ने लगाया और उसके बाद कांड किया।

तांत्रिक ने लड़की के मुंह में गोबर ठूस दिया
भूत उतरवाने के लिए लड़की और दोनों महिलाओं को परिजन जबर्दस्ती एक तांत्रिक के पास ले गए। वहां लड़की ने विरोध किया तो तांत्रिक गुस्से में आ गया और उसको बांधने का आदेश दिया। परिजनों ने लड़की को बांध दिया और इसके बाद तांत्रिक ने उसके मुंह में भैंस का गोबर ठूसकर खिला दिया।

लड़की के साथ हुई जबर्दस्ती का वीडियो वायरल
थाने में शिकायत मिलने के बाद लड़की के परिजनों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ। इलाके के लोग इस घटना से आहत हैं और इसकी भर्त्सना कर रहे हैं।












Click it and Unblock the Notifications