कांग्रेस छोड़ने के बाद गुलाम नबी आजाद का बड़ा ऐलान, कहा-जम्मू कश्मीर जा रहा हूं, नई पार्टी बनाऊंगा
नई दिल्ली, 26 अगस्त: वरिष्ठ नेता गुलाम नबी आजाद ने शुक्रवार को कांग्रेस की प्राथमिक सदस्यता से लेकर सभी पदों से इस्तीफा दे दिया। आजाद ने कांग्रेस की अध्यक्ष सोनिया गांधी को 5 पन्नों का इस्तीफा भेजा है। जिसमें उन्होंने राहुल गांधी समेत कई लोगों पर गंभीर आरोप लगाए। अब एक टीवी चैनल को दिए इंटरव्यू में आजाद ने कहा कि, वे जम्मू कश्मीर लौटकर खुद की नई पार्टी बनाएंगे।

इंडिया टुडे को दिए इंटरव्यू में गुलाम नबी आजाद ने कहा, 'मैं व्यक्तिगत तौर पर गांधी परिवार का सम्मान करता हूं। मैं कांग्रेस के पतन की बात कर रहा हू्ं। आजाद ने नई पार्टी बनाने का ऐलान करते हुए कहा, 'विरोधियों ने मेरे बारे में अफवाहें फैलाईं। मैं जम्मू-कश्मीर जा रहा हूं और अपनी नई पार्टी बनाऊंगा। आजाद ने बीजेपी में शामिल होने की खबरों का भी खंडन कर दिया है।
Recommended Video
उन्होंने कहा कि, मेरे विरोधी पिछले 3 साल से कह रहे हैं कि मैं भाजपा में जा रहा हूं। यहां तक कि उन्होंने तो मुझे राष्ट्रपति और उपराष्ट्रपति भी बनवा दिया। जब उनसे पूछा गया कि क्या उन्हें किसी बीजेपी नेता का फोन आया। इस पर आजाद ने कहा कि भाजपा के नेता मुझे क्यों फोन करेंगे, हम बीजेपी में थोड़ी हैं।आजाद ने कहा कि, जम्मू कश्मीर में मेरे कई दोस्त हैं। विरोधी मेरे खिलाफ अफवाहें फैला रहे हैं।
आजाद ने कहा कि, मैं अपनी पार्टी बनाऊंगा और जम्मू-कश्मीर में काम करूंगा। उन्होंने कहा कि वह जम्मू-कश्मीर में होने वाले विधानसभा चुनाव में अपनी नई पार्टी लॉन्च करूंगा। गांधी परिवार के खिलाफ उनके हमलों के बारे में पूछे जाने पर आजाद ने कहा,व्यक्तिगत स्तर पर पूरे गांधी परिवार के लिए मेरा बहुत सम्मान है। यहां, मैं व्यक्तिगत संबंधों पर बात नहीं कर रहा हूं। मैं कांग्रेस के पतन के बारे में बात कर रहा हूं।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष के बयान पर गुलाम नबी आजाद ने कहा कि हमारे सभी पार्टियों से अच्छे रिश्ते हैं। हमने किसी को कभी अपशब्द नहीं कहे। हम सभी दलों का सम्मान करते हैं, इसलिए सभी दलों का मेरे प्रति सम्मान का भाव है।












Click it and Unblock the Notifications