Gaganyaan Mission: भारत ने अंतरिक्ष में रचा इतिहास, ISRO ने लॉन्च की गगनयान की पहली टेस्ट फ्लाइट TV-D1
Gaganyaan mission (TV-D1 Test Flight) ISRO: भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (ISRO) ने मानव को अंतरिक्ष में भेजने के अपने महत्वाकांक्षी मिशन 'गगनयान मिशन' के लिए पहला सफल ट्रायल पूरा कर लिया है। गगनयान का पहला उड़ान परीक्षण वाहन एबॉर्ट मिशन -1 यानी टीवी-डी1 रॉकेट सुबह 10 बजे आंध्र प्रदेश के श्रीहरिकोटा से सफलतापूर्वक लॉन्च किया गया है। इससे पहले आठ बजे मिशन को होल्ड पर रखा गया था।
क्रू एस्केप मॉड्यूल की सफल लैंडिंग के बाद इसरो प्रमुख एस सोमनाथ ने वैज्ञानिकों को बधाई दी है। चंद्रयान-3 मिशन और सूर्य के मिशन आदित्य-एल1 के सफल लॉन्च के बाद इसरो का ये सबसे बड़ा मिशन है। इसरो चांद और सूरज के बाद आसमान को भी अपने बस में करना चाहता है।

इसरो ने अपने महत्वाकांक्षी मिशन गगनयान की दिशा में पहला कदम सफलता के साथ आगे बढ़ा लिया है। इसरो प्रमुख एस सोमनाथ ने कहा, "मुझे गगनयान टीवी-डी1 मिशन की सफलता की घोषणा करते हुए बहुत खुशी हो रही है।"
इसरो प्रमुख एस सोमनाथ ने कहा कि, इस मिशन का उद्देश्य एक परीक्षण वाहन एबॉर्ट मिशन प्रदर्शन के माध्यम से गगनयान कार्यक्रम के लिए क्रू मेंबर के उड़ाने की प्रणाली का प्रदर्शन करना था, जो एक मैक संख्या तक चला गया, जो ध्वनि की गति से थोड़ा ऊपर है और क्रू एस्केप सिस्टम के कार्य करने के लिए एक निरस्त स्थिति की शुरुआत की। क्रू एस्केप सिस्टम ने क्रू मॉड्यूल को वाहन से दूर ले लिया और बाद में टच-डाउन सहित संचालन किया। समुद्र में बहुत अच्छी तरह से काम पूरा किया गया है। और हमारे पास इस सब के लिए डेटा की पुष्टि है...।"
इसरो ने पहले जानकारी दी गई थी कि गगनयान के पहले टेस्ट व्हीकल एबॉर्ट मिशन -1 (टीवी-डी1) के लॉन्च को होल्ड पर डालने के कारण की पहचान की गई और उसे ठीक किया गया है। जिसके बाद लॉन्च सुबह 10 बजे किया गया।












Click it and Unblock the Notifications