'3000 करोड़ से बने 'भारत मंडप' में जरा सी बारिश में 'विकास' तैरता हुआ', कांग्रेस का मोदी सरकार पर तंज
G20 Summit Delhi Barat Mandapam: कांग्रेस के राष्ट्रीय प्रवक्ता रणदीप सिंह सुरजेवाला ने रविवार (10 सितंबर) को जी20 के आयोजन स्थल भारत मंडपम के अंदर बारिश का पानी घुस जाने को लेकर केंद्र की नरेंद्र मोदी सरकार पर निशाना साधा है। रणदीप सिंह सुरजेवाला ने एक्स (ट्विटर का बदला हुआ नाम) पर लिखा, 'लगभग 3000 करोड़ की लागत से बने "भारत मंडपम" में, आज जरा सी बारिश में ही 'विकास' तैरता हुआ दिखाई दिया।'
हालांकि केंद्र सरकार के प्रेस सूचना ब्यूरो ने 'भारत मंडपम के अंदर पानी घुस' जाने के दावों का तीखा खंडन किया है। पीआईबी फैक्ट चेक ने लिखा है कि, ये दावा भ्रामक है।

भारत मंडपम के अंदर बारिश का पानी घुस जाने का वीडियो शेयर करते हुए रणदीप सिंह सुरजेवाला ने लिखा, '' लगभग 3000 करोड़ रुपये की लागत से बने "भारत मंडपम" में, आज जरा सी बारिश में ही 'विकास' तैरता हुआ दिखाई दिया! भगवान से प्रार्थना है कि आज दिन में यहां ज्यादा बारिश ना हो और G20 समिट सही सलामत पूरा हो जाए। मोदी सरकार ने गरीबों को तो 'पर्दे' से ढक दिया, मगर कितनी भी "शो-शो बाजी" करके...अपनी करतूतों को नहीं ढक सकती! वैसे भी मोदी सरकार में कुछ भी इवेंट और उदघाटन के बाद नहीं टिकता।''
वहीं आम आदमी पार्टी (आप) के नेता सौरभ भारद्वाज ने भी जी20 के आयोजन स्थल भारत मंडपम का वीडियो शेयर कर केंद्र सरकार पर हमला बोला।
सौरभ भारद्वाज ने लिखा, ''एलजी दिल्ली साहब, ये बहुत गंभीर है। आपके 50 से अधिक निरीक्षणों के बाद भी, अगर भारत मंडपम के आसपास का मुख्य क्षेत्र पानी में डूबा हुआ है, तो सिर झुकाना चाहिए। दिल्ली के मंत्री के रूप में मेरा केंद्र सरकार के इस क्षेत्र पर नियंत्रण नहीं है, अन्यथा मैं आपकी सहायता करता सर।''
हालांकि पीआईबी फैक्ट चेक ने इस वीडियो को लेकर कहा है कि ये यह दावा भ्रामक है। उन्होंने कहा कि रात भर की बारिश के बाद पंपों को चालू करने के कारण खुले क्षेत्र में मामूली जलजमाव हो गया था, जिसे तेजी से साफ कर दिया गया। वर्तमान में कार्यक्रम स्थल पर कोई जल जमाव नहीं है।












Click it and Unblock the Notifications