Fuel Panic: हैदराबाद में पेट्रोल पंपों पर लंबी कतारें, ट्रैफिक जाम से शहर बेहाल, प्रशासन ने जारी किया अलर्ट
Fuel Panic Hyderabad: हैदराबाद में 25 मार्च 2026 को पेट्रोल पंपों पर अचानक भारी भीड़ और ट्रैफिक जाम की स्थिति देखने को मिली, जिससे शहर के कई प्रमुख इलाकों में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। हालात ऐसे थे कि लोग सुबह 4 बजे से ही पेट्रोल भरवाने के लिए लंबी कतारों में खड़े नजर आए।
शहर के प्रमुख जंक्शनों जैसे पुराना मुंबई हाईवे, गच्चीबाउली, लकड़ीकापुल, पंजागुट्टा और अमीरपेट में वाहनों की लंबी कतारों के कारण ट्रैफिक की रफ्तार काफी धीमी हो गई। इसके अलावा मेहदीपटनम, सैफाबाद, माधापुर, दिलसुखनगर, उप्पल, कुकटपल्ली और एलबी नगर जैसे इलाकों में भी इसी तरह की स्थिति देखने को मिली।

Fuel Panic Hyderabad: ट्रैफिक पुलिस की बढ़ी मुश्किलें
- हालात को नियंत्रित करने के लिए हैदराबाद ट्रैफिक पुलिस को मौके पर तैनात रहना पड़ा, जहां उन्होंने वाहनों की कतारों को सीमित कर यातायात को सुचारू बनाने की कोशिश की।
- इन अफवाहों के चलते शहर में पैनिक बाइंग (Panic Buying) देखने को मिली। लोगों ने सामान्य से 2.5 से 3 गुना अधिक ईंधन खरीदना शुरू कर दिया, जिससे कई पेट्रोल पंपों पर अस्थायी रूप से स्टॉक खत्म हो गया।
- कई पेट्रोल पंप पर नो स्टॉक (No Stock) के बोर्ड लगाने पड़े। हालांकि, प्रशासन ने और केंद्र सरकार ने भी आम लोगों से अपील की है कि किसी तरह के अफवाहों पर यकीन न करें।
Queues At Petrol Pumps: सोशल मीडिया पर फैली अफवाह
बताया जा रहा है कि इस पूरे घटनाक्रम के पीछे सबसे बड़ा कारण सोशल मीडिया पर फैली अफवाहें बताई जा रही हैं। पश्चिम एशिया में बढ़ते तनाव, खासकर ईरान और इजरायल के बीच संभावित टकराव को लेकर यह खबर फैल गई कि कच्चे तेल की आपूर्ति बाधित हो सकती है। इसके अलावा हार्मुज जलडमरूमध्य के बंद होने की आशंका ने लोगों की चिंता और बढ़ा दी है।
प्रशासन ने जारी किया Alert, लोगों से की अपील
हालांकि, प्रशासन ने तुरंत स्थिति को स्पष्ट करते हुए लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील की। जिला कलेक्टर हरि चंदना दासारी और पुलिस कमिश्नर ने बयान जारी कर कहा कि शहर में पेट्रोल, डीजल और एलपीजी का पर्याप्त भंडार उपलब्ध है और सप्लाई चेन पूरी तरह से सामान्य रूप से काम कर रही है। तेलंगाना पेट्रोलियम डीलर्स एसोसिएशन ने भी आश्वासन दिया कि इंडियन ऑयल कॉर्पोरेशन, भारत पेट्रोलियम, और हिंदुस्तान पेट्रोलियम जैसी कंपनियों के पास अगले 60 दिनों तक का पर्याप्त स्टॉक मौजूद है। इस तरह की स्थिति अफवाहों के कारण पैदा होती है, जिससे अनावश्यक दबाव बनता है। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे जरूरत के हिसाब से ही ईंधन खरीदें और किसी भी भ्रामक जानकारी से बचें।












Click it and Unblock the Notifications