मंत्री के कालेधन को सफेद करने वाले RBI के 4 कर्मचारी सीबीआई के रडार पर
मामले में एक ऑनलाइन याचिका भी सोशल मीडिया पर खूब वायरल हो रही है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नाम लिखी गई याचिका में भ्रष्टाचार को बढ़ावा देने वाले बैंक कर्मचारियों पर कार्रवाई करने की मांग की गई है।
बेंगलुरू। मोदी सरकार की ओर से नोटबंदी की घोषणा किए जाने के बाद कालाधन सफेद करने के आरोप में भारतीय रिजर्व बैंक के मैनेजर स्तर के चार कर्मचारी सीबीआई के रडार पर हैं। ये चारों कर्मचारी बेंगलुरू के हैं। इन पर एक मंत्री के कालेधन को सफेद करने का आरोप है।

सीबीआई के सूत्रों ने बताया कि कर्नाटक सरकार के एक मंत्री के कालेधन को नोटबंदी के बाद सफेद करने वाले इन चारों बैंक कर्मचारियों के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई गई है। इसमें एक सीनियर बैंक कर्मचारी का नाम भी है। इस शिकायत की जांच की जा रही है।
इस मामले में एक ऑनलाइन याचिका भी सोशल मीडिया पर खूब वायरल हो रही है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नाम लिखी गई याचिका में भ्रष्टाचार को बढ़ावा देने वाले बैंक कर्मचारियों पर कड़ी कार्रवाई करने की मांग की गई है।
आरोप है कि आरबीआई में एक सीनियर अधिकारी ने तीन अन्य अधिकारियों के साथ मिलकर मंत्री के पैसे को नए नोटों से बदला है। शनिवार को सीबीआई ने आरबीआई के दो कर्मचारियों को काला धन सफेद करने के आरोप में गिरफ्तार किया था। इन पर 1.99 करोड़ रुपये को 2000 रुपये और 100 रुपये के नए नोटों में बदलने का आरोप है।
इनके अलावा सरकारी और निजी क्षेत्र के बैंकों के करीब 40 कर्मचारी भी सीबीआई के रडार पर हैं। इन सभी पर पैसों के हेरफेर और कालेधन को सफेद करने का आरोप है। सीबीआई सभी मामलों में छानबीन कर रही है।












Click it and Unblock the Notifications