'मोदी जी पहले प्रधानमंत्री हैं, जिन्होंने...', अंतिम चरण से पहले पूर्व पीएम मनमोहन सिंह का बड़ा आरोप
Lok Sabha Election 2024: लोकसभा चुनाव 2024 के प्रचार के बीच राजस्थान में एक रैली को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पूर्व पीएम मनमोहन सिंह का हवाला देते हुए मुस्लिम सुमदाय को लेकर एक बयान दिया था, जिस पर अब पूर्व पीएम ने कड़ा जवाब दिया है। मनमोहन सिंह ने कहा कि, 'कभी एक समुदाय को दूसरे से अलग नहीं किया।'
पिछले महीने राजस्थान में चुनाव प्रचार के दौरान पीएम मोदी ने कहा था कि "मनमोहन सिंह की सरकार ने कहा था कि मुसलमानों का धन पर पहला अधिकार है।" पीएम मोदी के इस बयान के कई हफ्तों बाद अब मनमोहन सिंह ने पलटवार किया है।

पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह ने पीएम मोदी पर निशाना साधा और उन पर एक खास समुदाय को निशाना बनाकर दिए गए अपने "घृणास्पद और असंसदीय" भाषणों के लिए प्रधानमंत्री कार्यालय की गरिमा को कम करने का आरोप लगाया। उन्होंने भाजपा पर एक खास समुदाय को "अलग-थलग" करने का आरोप है।
अंतिम चरण से पहले पूर्व पीएम का बड़ा आरोप
लोकसभा चुनाव के अंतिम चरण से पहले देश की जनता को संबोधित एक पत्र में मनमोहन सिंह ने गुरुवार को कहा, "मैं इस चुनाव अभियान के दौरान राजनीतिक चर्चा को बहुत ध्यान से देख रहा हूं। मोदी जी ने घृणित घृणास्पद भाषण दिए हैं, जो पूरी तरह से विभाजनकारी हैं। मोदी जी पहले प्रधानमंत्री हैं, जिन्होंने पद की गरिमा और इसके साथ ही प्रधानमंत्री कार्यालय की गंभीरता को कम किया है।"
'एक समुदाय को दूसरे से अलग नहीं किया'
अपने संदेश में पूर्व पीएम सिंह ने आगे कहा, "इससे पहले किसी भी प्रधानमंत्री ने किसी खास वर्ग या विपक्ष को निशाना बनाने के लिए इतनी घृणित, असंसदीय और निम्न-स्तरीय भाषा का इस्तेमाल नहीं किया। उन्होंने मुझे लेकर कुछ गलत बयान भी दिए हैं। मैंने अपने जीवन में कभी भी एक समुदाय को दूसरे से अलग नहीं किया है। यह भाजपा का विशेष अधिकार और आदत है।"
प्रधानमंत्री मोदी ने अप्रैल में राजस्थान में एक रैली में आरोप लगाए कहा था कि अगर कांग्रेस सत्ता में आती है, तो वह देश की संपत्ति "उन लोगों को वितरित करेगी जिनके अधिक बच्चे हैं"। प्रधानमंत्री मोदी ने मनमोहन सिंह की इस टिप्पणी का भी हवाला दिया कि देश के संसाधनों पर पहला हक मुसलमानों का है।
शांति और सौहार्द की अपील करते हुए पूर्व प्रधानमंत्री ने कहा, "मैं पंजाब के हर मतदाता से विकास और समन्वित प्रगति के लिए वोट देने की अपील करता हूं। मैं सभी युवाओं से सावधानी से वोट करने और भविष्य के लिए वोट करने का आग्रह करता हूं। केवल कांग्रेस ही विकास आधारित प्रगतिशील भविष्य की गारंटी दे सकती है, जहां लोकतंत्र और संविधान की रक्षा की जाएगी।"












Click it and Unblock the Notifications