Vibhakar Shastri: कांग्रेस को एक और झटका, पूर्व पीएम लाल बहादुर शास्त्री के पोते का इस्तीफा, BJP में शामिल
Vibhakar Shastri resignation: आने वाले लोकसभा चुनाव से ठीक पहले विपक्षी गठबंधन 'इंडिया' में मची भगदड़ के बीच कांग्रेस पार्टी को एक और बड़ा झटका लगा है।
देश के पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री के पोते और कांग्रेस नेता विभाकर शास्त्री ने पार्टी से इस्तीफा दे दिया है। कांग्रेस से इस्तीफा देने के ठीक बाद विभाकर शास्त्री भाजपा में शामिल हो गए हैं।

विभाकर शास्त्री ने अपने एक्स (ट्विटर) हैंडल पर इस्तीफे का ऐलान किया। बुधवार को विभाकर शास्त्री ने कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे को टैग करते हुए लिखा, 'आदरणीय कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे जी, मैं कांग्रेस पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से इस्तीफा दे रहा हूं।' इसके बाद लखनऊ में डिप्टी सीएम बृजेश पाठक की मौजूदगी में विभाकर शास्त्री ने भाजपा की सदस्यता ली।
'इंडिया ब्लॉक का मकसद केवल मोदी को हटाना'
भाजपा में शामिल होने के बाद विभाकर शास्त्री ने कहा, 'मेरा मानना है कि पीएम नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में, मैं लाल बहादुर शास्त्री के 'जय जवान, जय किसान' के विचार को और मजबूत करके देश की सेवा कर सकूंगा। मैं भाजपा में पार्टी नेतृत्व के निर्देशों के मुताबिक काम करूंगा। इंडिया ब्लॉक की कोई विचारधारा नहीं है, बल्कि उसका मकसद केवल मोदी जी को हटाना है। राहुल गांधी को बताना चाहिए कि कांग्रेस की विचारधारा क्या है?'
तीन दिनों के भीतर दूसरा बड़ा झटका
आपको बता दें कि पिछले तीन दिनों के भीतर कांग्रेस को ये दूसरा बड़ा झटका है। इससे पहले सोमवार को महाराष्ट्र के पूर्व सीएम अशोक चव्हाण ने कांग्रेस पार्टी छोड़ दी थी। कांग्रेस छोड़ने के बाद अशोक चव्हाण भी मंगलवार को भाजपा में शामिल हो गए। ऐसे में जब लोकसभा चुनाव ठीक सामने खड़ा है, दिग्गज नेताओं का कांग्रेस छोड़ना शीर्ष नेतृत्व की टेंशन बढ़ाने वाला है।












Click it and Unblock the Notifications