संसद के सेंट्रल हॉल में लगाया जाएगा पूर्व पीएम अटल बिहारी वाजपेयी का पोट्रेट, 12 फरवरी को अनावरण
Recommended Video

नई दिल्ली। संसद भवन के सेंट्रल हॉल में पूर्व प्रधानमंत्री और बीजेपी के दिवंगत नेता अटल बिहारी वाजपेयी का लाइफ साइज पोट्रेट 12 फरवरी को लगाया जाएगा। सरकारी सूत्रों के मुताबिक, राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद इस पोट्रेट का अनावरण करेंगे। इस मौके पर उपराष्ट्रपति एम वेंकैया नायडू, स्पीकर सुमित्रा महाजन, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और अन्य लोग भी मौजूद रहेंगे। इस फोटो को वृंदावन के चित्रकार कृष्ण कन्हाई ने तैयार किया है।

संसद के सेंट्रल हॉल में दिखाई देंगे अटल बिहारी वाजपेयी
अटल बिहारी वाजपेयी साल 1996 से 2004 के बीच तीन बार देश के प्रधानमंत्री रहे। संसद की पोट्रेट कमेटी की अध्यक्ष और लोकसभा स्पीकर सुमित्रा महाजन ने 18 दिसंबर, 2018 को वाजपेयी का लाइफ साइज पोट्रेट लगाने का फैसला किया था। लोकसभा स्पीकर ने 12 फरवरी को इस पोट्रेट को लगाए जाने का फैसला किया था। संसद के सेंट्रल हॉल में पूर्व पीएम जवाहरलाल नेहरू और इंदिरा गांधी समेत देश के कई महापुरुषों के लाइफ साइज पोट्रेट पहले से लगाए गए हैं।

12 फरवरी को लगाया जाएगा लाइफ साइज पोट्रेट
कांग्रेस नेता मल्लिकार्जुन खड़गे, डिप्टी स्पीकर और एआईएडीएमके नेता एम थम्बीदुरै, बीजेडी के भर्तृहरि महताब, टीएमसी के सुदीप बंधोपाध्याय, टीआरएस के जितेंद्र रेड्डी, शिवसेना के अनंत गीते और बीजेपी के सत्यनारायण जटिया इस बैठक में शामिल हुए थे। इस बैठक में गृहमंत्री राजनाथ सिंह और संसदीय कार्य मंत्री तोमर भी शामिल हुए थे।

राष्ट्रपति करेंगे पोट्रेट का अनावरण
पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी ने 16 अगस्त 2018 को 93 साल की उम्र में दिल्ली के एम्स में अंतिम सांस ली थी। अटल बिहारी वाजपेयी पहले गैर-कांग्रेसी नेता थे जिन्होंने बतौर प्रधानमंत्री अपने पांच साल के कार्यकाल को सफलतापूर्वक पूरा किया। उन्हें साल 2015 में देश के सर्वोच्च नागरिक सम्मान 'भारत रत्न' से सम्मानित किया गया था। अटल बिहारी वाजपेयी के निधन के बाद केंद्र सरकार ने कई योजनाओं और स्मारकों का नाम उनके नाम समर्पित किया है।












Click it and Unblock the Notifications