कर्नाटक सरकार ने पूर्व CM येदियुरप्पा को दिया कैबिनेट मंत्री का दर्जा, उन्होंने लेने से किया इनकार
कर्नाटक सरकार ने पूर्व CM येदियुरप्पा को दिया कैबिनेट मंत्री का दर्जा
बेंगलुरु, अगस्त 07: कर्नाटक के पूर्व मुख्यमंत्री बीएस येदियुरप्पा ने रविवार को नवनियुक्त मुख्यमंत्री बसवराज बोम्मई से उन्हें कैबिनेट रैंक की सुविधा देने के अपने आदेश को वापस लेने के लिए कहा है। मीडिया को उपलब्ध कराए गए एक पत्र में, बीएस येदियुरप्पा ने सीएम बसवराज बोम्मई से अनुरोध किया कि उन्हें केवल वही सुविधाएं प्रदान करें जो एक पूर्व मुख्यमंत्री को दी जाती हैं। बता दें कि, उन्होंने पिछले महीने राज्य के मुख्यमंत्री के रूप में इस्तीफा दे दिया था।

कर्नाटक के पूर्व सीएम का यह बयान शनिवार को सीएम बोम्मई द्वारा येदियुरप्पा को एक मंत्री के समान सुविधाएं देने का आदेश देने के बाद आया है। कर्नाटक सरकार के कार्मिक और प्रशासनिक सुधार विभाग (डीपीएआर) ने शनिवार को एक आदेश जारी किया था। जिसमें कहा गया कि पूर्व सीएम बीएस येदियुरप्पा को कैबिनेट स्तर के मंत्रियों के बराबर सरकारी सुविधाएं मिलती रहेंगी।
आदेश में कहा गया है कि येदियुरप्पा मुख्यमंत्री बसवराज बोम्मई के कार्यालय में रहने तक समान वेतन, सरकारी वाहन, आधिकारिक आवास जैसी कैबिनेट रैंक की सुविधाओं के लाभार्थी बने रहेंगे। हालांकि, येदियुरप्पा ने रविवार को सीएम बसवराज बोम्मई को पत्र लिखकर आदेश को वापस लेने का अनुरोध किया। येदियुरप्पा ने यह भी कहा कि वह केवल उन सुविधाओं का उपयोग करेंगे जो एक पूर्व मुख्यमंत्री को मिलती हैं।
Recommended Video
इससे पहले, कांग्रेस-जद (एस) सरकार ने पूर्व सीएम सिद्धारमैया को कैबिनेट-रैंक का दर्जा देने की भी योजना बनाई थी, जो गठबंधन समन्वय समिति के प्रमुख थे। हालांकि, 'लाभ के पद' के नियमों के चलते यह योजना सफल नहीं हो पाई थी। येदियुरप्पा के मामले में, वह राज्य विधानसभा में शिकारीपुरा का प्रतिनिधित्व करने के अलावा कोई आधिकारिक पद नहीं रखते हैं। ऐसे में उन पर लाभ के पद जैसा कोई नियम लागू नहीं हो रहा था।
महीनों की अटकलों के बाद, बीएस येदियुरप्पा ने 26 जुलाई को कर्नाटक के मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा दे दिया था, जिस दिन उनकी सरकार ने राज्य में दो साल पूरे किए थे। 28 जुलाई को येदियुरप्पा के डिप्टी बसवराज बोम्मई ने कर्नाटक के नए मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ली। येदियुरप्पा की तरह, बसवराज बोम्मई कर्नाटक में शक्तिशाली लिंगायत समुदाय से हैं।












Click it and Unblock the Notifications