'पंडित जी, अब तक तो 5 हमने मारे हैं...' राजस्थान के पूर्व भाजपा विधायक ने कहा ऐसा, पुलिस ने दर्ज किया केस
'पंडित जी, अब तक तो 5 हमने मारे हैं...' राजस्थान के पूर्व भाजपा विधायक ने कहा ऐसा, पुलिस ने दर्ज किया केस
जयपुर, 21 अगस्त: राजस्थान के पूर्व बीजेपी विधायक ज्ञानदेव आहूजा पर गाय तस्करी को लेकर पांच लोगों की हत्या करने की बात करते हुए वीडियो में देखे जाने के बाद पुलिस ने केस दर्ज किया है। पूर्व बीजेपी विधायक ज्ञानदेव आहूजा को एक कथित सांप्रदायिक घटना के शिकार पीड़ित से मिलने के लिए शुक्रवार को गोविंदगढ़ के दौरे के दौरान पांच लोगों की हत्या का दावा करते हुए सुना गया। उनका ये वीडियो वायरल हो गया, जिसके बाद पुलिस ने नेता के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है।
Recommended Video

'इस एरिया में पहली बार ऐसा हुआ है कि उन्होंने मारा है...'
वीडियो में, ज्ञानदेव आहूजा अपने बगल में बैठे एक व्यक्ति से कह रहे हैं, ''पंडित जी, अब तक तो पांच हमने मारे हैं, लालवंडी में मारा, चाहे बहरोड़ में मारा, चाच्चे में मारा, अब तक तो पांच हमने मारे हैं। इस एरिया में पहली बार ऐसा हुआ है कि उन्होंने मारा है।''

किस हत्या की बात कर रहे हैं ज्ञानदेव आहूजा
इंडियन एक्प्रेस में छपी रिपोर्ट में दावा किया गया है कि लालवंडी और बहरोड़ संदर्भ स्पष्ट रूप से 2018 में रकबर और 2017 में पहलू खान की लिंचिंग के लिए थे। ज्ञानदेव आहूजा ने जो अपने वीडियो में कहा कि 'ऐसा पहली बार है, जब उन्होंने इस एरिया में किसी को मारा है...' , उसका मतलब विक्रम खान और अन्य द्वारा चिरंजी लाल की हत्या से है। ज्ञानदेव आहूजा ने गोविंदगढ़ में चिरंजी लाल के परिवार से मिलने के दौरान यह टिप्पणी की।

'मैंने खुल्लम खुल्ला छुट दे रखी है...मारो...'
वीडियो में ज्ञानदेव आहूजा आगे कहते हैं, "मैंने खुल्लम खुल्ला छुट दे राखी है कार्यकर्ताओं को, मारों सा **** को जो गोकाशी करेंगे, उन्हें मारो...। हम तुम्हें बरी भी करवा देंगे ,तुम्हें भी जमानत पर भी बाहर निकालेंगे।''
अलवर के एसपी तेजस्वनी गौतम ने द संडे एक्सप्रेस को बताया कि आहूजा के खिलाफ एक प्राथमिकी दर्ज की गई थी, "मौके पर मौजूद एक बीट कांस्टेबल की शिकायत के आधार पर"। एसपी ने कहा कि आईपीसी की धारा 153 ए (विभिन्न समूहों के बीच दुश्मनी को बढ़ावा देना, और सद्भाव बनाए रखने के लिए हानिकारक कार्य) के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है और जांच के दौरान अतिरिक्त धाराएं जोड़ी जा सकती हैं।

'भाजपा के धार्मिक आतंक और कट्टरता के लिए और क्या सबूत चाहिए...'
ज्ञानदेव आहूजा के इस वीडियो को राजस्थान कांग्रेस अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा ने अपने ट्विटर हैंडल पर शेयर किया। जिसके बाद ये वीडियो वायरल हो गई है। राजस्थान कांग्रेस अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा ने कहा, ''भाजपा के धार्मिक आतंक और कट्टरता के लिए और क्या सबूत चाहिए? भाजपा का असली चेहरा पूरे देश के सामने आ गया है।''

'गौ तस्करी को बख्शा नहीं जाएगा...'
हालांकि, पीटीआई ने पूर्व विधायक ज्ञानदेव आहूजा के हवाले से कहा कि ज्ञानदेव आहूजा अपनी टिप्पणी पर कायम हैं और उन्होंने कहा है कि गौ तस्करी और गौ माता के वध में शामिल किसी को भी बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने पीटीआई को यह भी बताया कि वह एक स्थानीय आरएसएस नेता के साथ बैठे थे, जिन्होंने सुझाव दिया कि चिरंजी लाल की हत्या के विरोध में एक आंदोलन शुरू किया जाना चाहिए। ज्ञानदेव आहूजा ने कहा, 'यह वे लोग हैं जो गायों की तस्करी और वध करते हैं। हिंदुओं में गायों के प्रति भावनाएं हैं, इसलिए वे ऐसे तस्करों को निशाना बनाते हैं।'












Click it and Unblock the Notifications