जायरा वसीम ने टिड्डी हमले को धर्म से जोड़ते हुए किया ट्वीट, बाद में ट्विटर और इंस्टाग्राम अकाउंट कर दिया डिलीट
नई दिल्ली। दंगल गर्ल के नाम से जानी जाने वाली पूर्व अभिनेत्री जायरा वसीम एक बार फिर सुर्खियों में आ गई हैं। उन्होंने हाल ही में हो रहीं आपदाओं को अल्लाह के कहर से जोड़ते हुए एक ट्वीट किया था। जिसके बाद वह लोगों के निशाने पर आ गईं। लोगों ने उन्हें ट्रोल करना शुरू कर दिया और थोड़ी देर में ही जायरा ट्विटर पर ट्रेंड भी होने लगीं। अपने ट्वीट के चलते विवाद होने के बाद जायरा ने न केवल अपना ट्विटर अकाउंट बल्कि अपना इंस्टाग्राम अकाउंट भी डिलीट कर दिया। जायरा ने गुरुवार को भारत में टिड्डियों के हमले को कर्मों का फल बताते हुए ट्वीट (zaira wasim tweet) किया था।

कुरान की एक आयत का जिक्र किया
जायरा वसीम ने अपने आधिकारिक ट्विटर अकांउट से इस्लाम की धार्मिक किताब कुरान की एक आयत का जिक्र किया। उन्होंने लिखा कि टिड्डियों का हमला सहित बाकी सभी तरह की जो भी आपदाएं इस दौर में देखने को मिल रही हैं, वो सब इंसान के बुरे कर्मों का ही फल है। जायरा ने टिड्डियों के हमले को अल्लाह का कहर कहा। उन्होंने ट्वीट के चलते ट्रोल होने के बाद अपना ट्वीट डिलीट कर दिया और थोड़ी देर बाद अपना ट्विटर अकाउंट भी बंद कर दिया।

लोगों ने क्या कहा?
जायरा ट्वीट करने के बाद काफी ट्रोल होने लगी थीं। एक ट्विटर यूजर ने कहा, 'मुझे जायरा वसीम पसंद हैं। लेकिन ये काफी गलत है। लोग परेशान हैं क्योंकि टिड्डी, बाढ़ और कोरोना वायरस हैं। लेकिन वो कह रही हैं कि ये सजा है।' एक अन्य ट्विटर यूजर ने जायरा का समर्थन करते हुए लिखा, 'इस ट्वीट में कुछ गलत नहीं है, उसने सही लिखा है, हर चीज भगवान की मर्जी से होती है, चाहे वो सजा हो या कुछ और। वो मार सकता है और चमत्कार कर सकता है, वो सब कर सकता है जो वो चाहता है, क्योंकि ये हमारी नहीं उसकी दुनिया है, हम यहां केवल कुल वर्षों के लिए हैं।'

फिल्मी दुनिया को कहा अलविदा
फिल्म 'दंगल' में गीता का किरदार जायरा वसीम ने निभाया था। हालांकि जायरा वसीम ने फिल्मी दुनिया को अलविदा कह दिया है। उनके अनुसार ये क्षेत्र उनके लिए अच्छा नहीं हैं और वो बॉलीवुड में रहकर अपने धर्म से धोखा कर रही हैं। दंगल' में अभिनय के लिए जायरा को श्रेष्ठ सहायक अभिनेत्री का राष्ट्रीय पुरस्कार मिल चुका है। उनकी आखिरी फिल्म 'द स्काई इज पिंक' थी, उनके एक्टिंग छोड़ने के फैसले के तीन महीने बाद ये फिल्म रिलीज हुई थी।

जम्मू-कश्मीर पर भी किया था पोस्ट
बता दें जायरा अक्सर सामाजिक और राजनीतिक मुद्दों पर अपनी राय रखती हैं। जिसके चलते वह सुर्खियों में बनी रहती हैं। कश्मीर की रहने वाली जायरा अनुच्छेद 370 से लेकर राजनेताओं तक पर कई ट्वीट कर चुकी हैं। इससे पहले जायरा ने जम्मू-कश्मीर का विशेष दर्जा खत्म होने पर अपनी प्रतिक्रिया दी थी। जायरा ने इंस्टाग्राम पर लिखा था, 'कश्मीरी लगातार उम्मीद और कुंठा के बीच जूझ रहे हैं। निराशा और दुःख के स्थान पर शांति का एक झूठ फैलाया जा रहा है। कश्मीरियों की आजादी पर कोई भी पाबंदी लगा सकता है। हमें ऐसे हालात में क्यों रखा जा रहा है जहां हम पर पाबंदियां हैं और हमें डिक्टेट किया जा रहा है।' उन्होंने पूछा, 'हमारी आवाज को दबा देना इतना आसान क्यों हैं? हमारी अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता पर पाबंदी लगाना इतना आसान क्यों है? हमें अपनी बात कहने और विचार रखने की आजादी क्यों नहीं है? हमारे विचारों को सुने बिना ही उन्हें बुरी तरह खारिज कर दिया जा रहा है। हम बिना किसी डर और चिंता के आम लोगों की तरह क्यों नहीं जी सकते?'

टिड्डी हमले से काफी नुकसान
वहीं टिड्डी हमले की बात करें तो उत्तर भारत में टिड्डियों ने काफी नुकसान पहुंचाया है। इस टिड्डी दल ने पाकिस्तान के रास्ते राजस्थान में प्रवेश कर देश के कई हिस्सों पर धावा बोला। टिड्डियों ने पंजाब, राजस्थान, गुजरात, महाराष्ट्र और मध्यप्रदेश में फसलों को क्षति पहुंचाई है। इस टिड्डी हमले को 27 साल में सबसे खतरनाक माना जा रहा है। बीते साल पाकिस्तान के रास्ते राजस्थान में आने वाले इस टिड्डी दल ने उत्तर और मध्य भारत में स्थित कई राज्यों के किसानों को प्रभावित किया है। इसी बात को ध्यान में रखते हुए दिल्ली, हरियाणा, हिमाचल प्रदेश, तेलंगाना और कर्नाटक में अधिकारियों ने गुरुवार को अलर्ट जारी कर दिया है। टिड्डियों के इन राज्यों में प्रवेश करने की संभावना जताई जा रही है।












Click it and Unblock the Notifications