Flood in Assam: असम में बाढ़ से बिगड़े हालात, PM मोदी ने CM हिमंत बिस्वा सरमा से की बात, जताई चिंता
Flood in Assam: असम में लगातार हो रही भारी बारिश के चलते कई जगह भीषण बाढ़ आ गई है। पिछले 24 घंटे के दौरान स्थिति काफी भयावह बन गई है। बाढ़ की जद में करीब 7 जिले आ गए हैं और करीब 2.62 लाख लोग प्रभावित हुए हैं।
भारी बारिश और बाढ़ से विभिन्न जिलों में कई लोगों की मौत की भी खबर है। इसी बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने असम के मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा सरमा से फोन पर बात की और प्रभावित क्षेत्रों की जानकारी ली।

प्रधानमंत्री मोदी ने जताई चिंता
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज सोमवार को असम के सीएम हिमंत बिस्वा सरमा को फोन कर राज्य में बाढ़ की स्थिति के बारे में जानकारी ली। सीएम ने ट्वीट कर बताया, "मैंने पीएम मोदी को बताया है कि अरुणाचल प्रदेश और ऊपरी असम जिलों के कुछ हिस्सों में भारी बारिश के कारण असम इस साल बाढ़ की दूसरी लहर का सामना कर रहा है। मैंने उन्हें राज्य सरकार द्वारा किए गए राहत बचाव उपायों के बारे में भी जानकारी दी। उन्होंने मुझे संकट की इस घड़ी में भारत सरकार की ओर से पूर्ण सहयोग का आश्वासन दिया।"
वहीं, भारतीय मौसम विभाग ने सोमवार को अरुणाचल प्रदेश के लिए रेड अलर्ट जारी किया, जिसमें अगले 24 घंटों में अलग-अलग स्थानों पर भारी से बहुत भारी बारिश और अत्यधिक भारी बारिश की संभावना जताई गई है।
असम राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के अनुसार, असम में बाढ़ के कारण अब तक 34 लोगों मौत हो गई। धेमाजी जिले के अधिकारियों ने बताया कि एक नौ महीने का बच्चा गोगामुख राजस्व सर्कल में पानी से भरे घर में गिरने से मौत हो गई, जबकि दूसरे मामले में एक लड़का जोनाई सर्कल में डूब गया।
असम में 44 से अधिक राहत शिविर लगाए हैं, जिनमें 25,000 से अधिक बाढ़ प्रभावित लोग शरण ले रहे हैं। केंद्रीय जल आयोग द्वारा दिए गए आंकड़ों के अनुसार ASDMA ने बताया, ब्रह्मपुत्र (डिब्रूगढ़ और नेमाटीघाट), दिक्हो (शिवसागर), जिया-भराली (एनटी रोड क्रॉसिंग), बेकी (रोड ब्रिज) और कुशियारा (करीमगंज) सहित कई नदियां खतरे के स्तर से ऊपर बह रही हैं।
धेमाजी जिला सबसे ज्यादा प्रभावित
मीडियो रिपोर्ट्स के अनुसार, असम के कामरूप, करीमगंज, तिनसुकिया, गोलाघाट, धेमाजी, माजुली, कछार, लखीमपुर, डिब्रूगढ़, शिवसागर, कोकराझार और जोरहाट जिलों में करीब 2.62 लाख लोग बाढ़ से प्रभावित हुए हैं। जिसमें राज्य में धेमाजी जिला सबसे ज्यादा बाढ़ से प्रभावित हुआ है। अधिकारियों के अनुसार, धेमाजी जिले में 69,252 लोग प्रभावित हुए हैं, इसके बाद दक्षिण असम में कछार जिला है, जहां 61,895 लोग प्रभावित हुए हैं।
एएसडीएमए ने बताया कि रविवार को एनडीआरएफ और एसडीआरएफ सहित आपदा प्रबंधन एजेंसियों द्वारा 323 व्यक्तियों को निकाला गया। आवश्यक स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान करने के लिए बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में पंद्रह चिकित्सा टीमें तैनात की गई हैं।












Click it and Unblock the Notifications