जम्मू-कश्मीर में बारिश का कहर, बाढ़ की चेतावनी के बाद अलर्ट पर सेना और एनडीआरएफ
जम्मू। जम्मू-कश्मीर में भारी बारिश के बाद आम-जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। दो दिन से मूसलाधार बारिश के कारण दक्षिणी कश्मीर में झेलम नदी संगम के पास खतरे के निशान से ऊपर बह रही है। जिससे निचले इलाकों में रहने वाले लोगों को अलर्ट पर रखा गया है। राज्य में अापदा प्रबंधन की 17 टीमें लगा दी गई हैं।

मध्य कश्मीर के निचले इलाकों में भी बाढ़ की चेतावनी जारी करते हुए लोगों को सतर्क रहने तथा निकास के लिए तैयार रहने को कहा गया है। बाढ़ नियंत्रण विभाग के एक अधिकारी ने कहा, 'राम मुंशी बाग पर शनिवार सुबह 10 बजे झेलम नदी का पानी 18 फुट के खतरे के निशान से ऊपर 20.87 फुट पर बह रहा था। झेलम नदी और अन्य नदियों के तटबंधीय इलाकों में रहने वालों और मध्य कश्मीर के निचले इलाकों में रहने वाले लोगों का सतर्क रहने की सलाह दी गई है।
तीन लोगों की मौत
जम्मू संभाग में भारी बारिश के चलते तीन लोगों की मौत हो गई है। यह सभी मौतें जम्मू के अलग-अलग जिलों में बारिश के चलते घर ढह जाने के कारण हुईं है। मरने वालों में एक महिला भी है। एक अधिकारी ने बताया कि, बारिश के चलते दर्जनों के कच्चे घर ढह गए हैं। जिसमें लगभग 28 मवेशियों भी मारे गए है। तीन दिन में बारिश के चलते ऐसी घटनाओं चिनाब नदीं के इलाके में घटित हुईं हैं। जम्मू-कश्मीर के राज्यपाल एनएन वोहरा ने राजभवन में बैठक कर भारी बारिश के बाद कश्मीर की स्थिति पर चर्चा की।
प्रशासन ने जारी की हेल्पलाइन
प्रशासन ने शनिवार को बाढ़ अलर्ट जारी करने के साथ हर हेल्पलाइन स्थापित किए जाने और 12वीं तक के स्कूलों को बंद रखे जाने के आदेश दिए। घाटी के सभी जिलों में बाढ़ नियंत्रण कक्ष और हेल्पलाइन स्थापित कर दी गई है। इन जगहों पर संबंधित जिला मैजिस्ट्रेट व्यक्तिगत तौर पर राहत और बचाव तैयारियों में जुटे हुए हैं।
बालटाल मार्ग पर अमरनाथ यात्रा रोकी गई
जम्मू-कश्मीर में लगातार हो रही बारिश के चलते भूस्खलन की घटनाएं भी सामने आ रही हैं, ऐसे में शनिवार को अमरनाथ यात्रा पूरी तरह से रोक दी गई है। खराब मौसम को देखते हुए श्रद्धालुओं को जम्मू कैंप पर ही रोका गया है। भूस्खलन की वजह से काली माता ट्रैक भी टूट गया है जिसकी वजह से बालटाल मार्ग से अमरनाथ यात्रा रुकी हुई है।
जम्मू-श्रीनगर हाईवे भी बंद
घाटी में भारी बारिश के बाद बाढ़ जैसे हालात पैदा होने के बाद शनिवार को जम्मू-श्रीनगर राष्ट्रीय राजमार्ग पर यातायात को भी रोक दिया गया। दक्षिण कश्मीर के अनंतनाग और पुलवामा जिलों में सड़क मार्ग कुछ जगहों पर जलमग्न हो गया है। कई जगहों पर भारी भूस्खलन का खतरा मंडरा रहा है।
भारी बारिश के आसार
मौसम विभाग के अनुसार शनिवार को जम्मू व कश्मीर संभाग के अधिकतर हिस्सों में बारिश के आसार हैं। लद्दाख क्षेत्र में भी मौसम बदलेगा। विभाग के निदेशक सोनम लोट्स का कहना है कि शनिवार दोपहर बाद मौसम में सुधार होने की उम्मीद है। हालांकि, जुलाई के शुरू में फिर मौसम बदलने की संभावना है।












Click it and Unblock the Notifications