बलवंत मुल्तानी हत्याकांड: पंजाब के पूर्व DGP सुमेध सिंह सैनी की मुश्किलें बढ़ी, दर्ज हुई FIR
नई दिल्ली: पंजाब के पूर्व डीजीपी सुमेध सिंह सैनी की मुश्किलें बढ़ गई हैं। बलवंत सिंह मुल्तानी की हत्या के मामले में अब उनके खिलाफ विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज किया गया है। इससे पहले 2007 में पंजाब-हरियाणा हाईकोर्ट के निर्देश पर सीबीआई ने उनके खिलाफ कार्रवाई शुरू की थी, लेकिन बाद में उसे सुप्रीम कोर्ट ने रद्द कर दिया था। वहीं दूसरी ओर सैनी ने बिना पास के हिमाचल सीमा में घुसने की कोशिश की, जिस पर उन्हें वापस लौटा दिया गया।

दरअसल ये मामला 90 के दशक का है। उस वक्त सुमेध सिंह सैनी चंडीगढ़ में एसएसपी के पद पर तैनात थे। इसी बीच सैनी पर हमला हुआ, जिसमें उनकी सुरक्षा में तैनात चार पुलिसकर्मियों की मौत हो गई। इसके बाद बलवंत सिंह मुल्तानी का अपहरण कर हत्या कर दी गई। मुल्तानी के भाई ने आरोप लगाया कि उनके भाई की हत्या में सुमेध सिंह सैनी का हाथ था। अब सुमेध सिंह के ऊपर धारा 364, 201, 344, 330 और 120B के तहत मुकदम दर्ज किया गया है।
बिना पास पहुंचे हिमाचल बार्डर
वहीं दूसरी ओर गुरुवार सुबह सुमेध सिंह सैनी अपने कुछ साथियों के साथ हिमाचल में घुसने की कोशिश कर रहे थे। उनके पास किसी तरह का पास नहीं था। पहले उन्होंने अपने पद का धौंस दिखाया लेकिन पुलिस वाले नहीं माने, जिसके बाद उन्होंने बिलासपुर के एसपी को फोन किया। इस दौरान उन्होंने बताया कि उन्हें मंडी जिले के करसोग में जाना है। इस पर एसपी ने उनकी बात मानने से इनकार कर दिया, साथ ही उन्हें वापस जाने का निर्देश दिया। एसपी दिवाकर शर्मा के मुताबिक बिना पास के किसी को भी हिमालच की सीमा में प्रवेश करने की अनुमति नहीं है।












Click it and Unblock the Notifications