सावधान! क्या आप भी विज्ञापन देखकर करते हैं इन दवाओं का इस्तेमाल?
मुंबई। अगर आप भी वजन, लंबाई या यौन क्षमता बढ़ाने वाली दवाओं के विज्ञापन देखकर इनका इस्तेमाल करते हैं तो सावधान हो जाइए। फूड एंड ड्रग एडमिनिस्ट्रेशन (FDA) ने 1.52 करोड़ रुपये की ऐसी दवाएं सीज की हैं।

करीब एक महीने तक चलाए गए अभियान और करीब 94 जगहों पर की गई छापेमारी के दौरान प्रशासन ने डायबिटीज, मोटापा, नपुंसकता, लंबाई बढ़ाने और मानसिक रोगों के अलावा कैंसर का इलाज करने का दावा करने वाले करीब 263 प्रोडक्ट सीज किए। ये कार्रवाई मुंबई, ठाणे, पुणे, नागपुर, नासिक, कोल्हापुर, औरंगाबाद और कोंकण क्षेत्र में हुई।
आपत्तिजनक विज्ञापनों की मिली थी शिकायत
FDA के स्टेट कमिश्नर हर्षदीप कांबले ने बताया कि आपत्तिजनक विज्ञापनों के बारे में उन्हें लगातार शिकायतें मिल रही थीं, जिसके बाद प्रशासन ने अभियान चलाया और बड़ी मात्रा में प्रोडक्ट बैन किए।
कानूनन है इस पर प्रतिबंध
ड्रग्स एंड मैजिक रेमेडीज (आपत्तिजनक विज्ञापन) एक्ट 1954 के मुताबिक, कोई भी व्यक्ति ऐसा कोई विज्ञापन नहीं दे सकता जो भ्रम फैलाता हो और आपत्तिजनक हो। इस एक्ट में उन दवाओं का भी जिक्र है जिनके विज्ञापनों पर रोक है।
बता दें कि ऐसे 54 रोग और मेडिकल कंडीशन हैं जिनसे जुड़ी दवाओं के विज्ञापनों पर रोक है। लेकिन ऐसे विज्ञापन अखबारों और पत्रिकाओं में प्रकाशित हो रहे हैं और टीवी पर भी आ रहे हैं।












Click it and Unblock the Notifications