लड़कियों से चैटिंग और अमेरिका में बढ़िया नौकरी, कुछ ऐसे ISI के चंगुल में फंसा ब्रह्मोस का जासूस इंजीनियर
नई दिल्ली। ब्रह्मोस एयरोस्पेस सिस्टम इंजीनियर निशांत अग्रवाल को इसी सप्ताह सोमवार को गिरफ्तार किया गया था, जिसे 'पाकिस्तानी हैंडलर्स' ने भारत के डिफेंस से जुड़ी जानकारियों को लीक करने के एवज में अमेरिका में जॉब का ऑफर दिया था। निशांत अग्रवाल को मंगलवार को एंटी टेरर स्क्वॉड (एटीएस) ने नागपुर के सेशन कोर्ट में पेश किया गया, जिसके बाद उसे तीन दिन के लिए ट्रांजिट रिमांड पर भेज दिया है। ब्रह्मोस एयरोस्पेस भारत के डीआरडीओ और रूस के एनपीओ का ज्वाइंट वेंचर है, जिसका हैडक्वार्टर नागपुर में है।

अमेरिका में जॉब के झांसे में आया निशांत
निशांत अग्रवाल से पूछताछ से पता चला है कि उसे पाकिस्तानी हैंडलर्स ने बड़े पैकेज के साथ अमेरिका में काम देने का वादा किया था। सुरक्षा एजेंसियां फिलहाल इसी जांच में लगी हुई है कि निशांत ने अपने पाकिस्तानी हैंडलर्स तक सुपरसोनिक क्रूज मिसाइल ब्रह्मोस से जुड़े संवेदनशील डेटा पहुंचाए हैं या नहीं। सुरक्षा एजेंसियों ने कहा कि निशांत एक बहुत ही बड़े प्रोजेक्ट पर काम कर रहा था और उसके बावजूद वह सोशल मीडिया पर झांसे में आ गया और संभवत: उसने डेटा लीक किए हैं। सुरक्षा एजेंसियों ने कहा कि जिस तरह से उसने अपने जॉब प्रोफाइल के बारे में फेसबुक पर लिखा, उससे वह बहुत ही आसानी से भारत की सुरक्षा में सेंध डालने वालों के चपेट में आ गया।

निशा और पूजा नाम की लड़कियों से करता था चैटिंग
कोर्ट में उत्तर प्रदेश एटीएस के अधिकारी ने कोर्ट में कहा कि निशांत अग्रवाल फेसबुक पर निशा शर्मा और पूंजा रंजन नाम की दो लड़कियों से संपर्क में था और दोनों ही अकाउंट फेक थे, जिनका लिंक इस्लामाबाद से था। एटीएस को शक है कि इन दोनों अकाउंट को पाकिस्तानी खुफिया एजेंसियां हैंडल कर रही थी। एटीएस ने कहा कि बहुत ही संवेदनशील काम में लगे होने के बावजूद निशांत सोशल मीडिया पर लापरवाह था और जिसका वह शिकार हुआ है। एटीएस ने यह भी कहा कि निशांत लिंक्डइन पर भी काफी एक्टिव था।

निशांत की पिछली कंपनी में पहुंची एटीएस
उधर निशांत के पिता ने इन आरोपों को खारिज करते हुए अपने बेटे को बेगुनाह बताया है। निशांत अग्रवाल की हाल ही में शादी हुई थी और वह अपनी पत्नी के साथ नागपुर के उज्ज्वल नगर में किराये के मकान में रहता था। इस बीच यूपी एटीएस की टीम हैदराबाद पहुंचकर एक कंपनी से भी पूछताछ कर रही है, जहां पहले निशांत काम कर चुका है। एटीएस ने निशांत अग्रवाल का पर्सनल लैपटॉप, उसका मोबाइल और पीडीएफ जब्त कर लिया। वहीं, उसके बैंक अकाउंट और ट्रांजेक्शन की भी जांच की जा रही है।
ये भी पढ़ें: कौन है DRDO का निशांत अग्रवाल जिसने पाकिस्तान के लिए की जासूसी और पहुंचाई सीक्रेट इन्फॉर्मेशन












Click it and Unblock the Notifications