भारत माता की जय बोलना घाटी के लोगों को नहीं आया पसंद, ईद पर फारुख अब्दुल्ला को दिखाए जूते
श्रीनगर। जम्मू कश्मीर के पूर्व मुख्यमंत्री और नेशनल कांफ्रेंस (NC) के चीफ फारुख अब्दुल्ला को बुधवार को ईद के मौके पर जबरदस्त विरोध का सामना करना पड़ा है। श्रीनगर में बकरीद के मौके पर हजरत बल में नमाज पढ़ने गए फारुख अब्दुल्ला के खिलाफ लोगों ने जमकर नारेबाजी करते हुए उन्हें जूते भी दिखाए। बताया जा रहा है कि इसी सप्ताह सोमवार को अटल बिहारी वाजपेयी की श्रद्धांजलि सभा में अब्दुल्ला के 'भारत माता की जय' और 'जय हिंद' बोलने से लोगों ने उनका विरोध किया।

मस्जिद के बाहर लोगों ने किया विरोध
वाजपेयी की श्रद्धांजलि सभा में अब्दुल्ला के जोरदार स्पीच से कुछ कश्मीरी लोगों में इतना गुस्सा था कि वे मस्जिद से बाहर निकलकर उनका विरोध करने लगे। लोगों ने उनके खिलाफ शर्म-करो शर्म-करो के नारे भी लगाए। अब्दुल्ला ने अपने स्पीच में वाजपेयी की तारीफ करते हुए उन्होंने पूर्व प्रधानमंत्री को सभी के दिलों पर राज करने वाला बताया था।

अब्दु्ल्ला को कहा- शर्म करो
अब्दुल्ला के विरोध का वीडियो वायरल हो रहा है, जिसमें लोग उन्हें मस्जिद से बाहर निकालने के लिए कहते हुए 'आजादी' और 'शर्म करो, शर्म-करो के नारे लगा रहे हैं।' कई लोग अब्दुल्ला के काफी नजदीक आ गए थे, लेकिन सुरक्षा घेरे में रहने की वजह से प्रदर्शनकारी उन तक नहीं पहुंच पाए।

मैं डरने वाला नहीं- अब्दुल्ला
इस पूरे विरोध पर फारुख अब्दुल्ला ने कहा, 'मैं डरने वाला नहीं हूं। अगर ये समझते हैं कि इससे आजादी आएगी, तो मैं कहना चाहता हूं कि पहले बेगारी, बीमारी और भूखमरी से आजादी पाओ।' अब्दुल्ला ने आगे कहा कि वक्त आ गया है, जब भारत और पाकिस्तान के बीच एक शांतिपूर्वक वार्ता हो। उन्होंने कहा कि यह मुल्क हिंदू, मुस्लिम, सिख और ईसाई उन सभी का है, जो यहां रहते हैं।












Click it and Unblock the Notifications