Farmers Protest: युवक ने आंदोलन के बीच किसानों को कहा 'आतंकवादी', बॉर्डर पर जमकर हुआ बवाल
नई दिल्ली: मोदी सरकार के कृषि कानूनों के खिलाफ किसानों का प्रदर्शन जारी है। दिल्ली में प्रदर्शन की इजाजत नहीं मिलने की वजह से किसान बॉर्डर पर ही 20 दिनों से डटे हुए हैं। इस बीच नोएडा-दिल्ली के चिल्ला बॉर्डर पर शनिवार को जमकर बवाल हुआ, जहां एक युवक ने सबके सामने किसानों को आतंकवादी कह दिया। साथ ही नए कृषि कानूनों का समर्थन किया। जिसके बाद नोएडा पुलिस ने उस शख्स को हिरासत में ले लिया।

जानकारी के मुताबिक चिल्ला बॉर्डर पर किसान शांतिपूर्वक प्रदर्शन कर रहे थे। इसी दौरान वहां पर एक युवक खड़ा हुआ और किसानों को आतंकवादी कहने लगा। इसके बाद किसानों से उसकी बहस हुई और दोनों हाथापाई पर उतारू हो गए। इस दौरान उसने नए कृषि कानूनों का समर्थन करते हुए किसान आंदोलन पर सवाल उठाए। बाद में नोएडा पुलिस वहां पहुंची और युवक को गिरफ्तार कर सेक्टर 20 पुलिस स्टेशन ले गई। गिरफ्तार युवक की पहचान अमर पाल (28) के रूप में हुई है।
चिल्ला सीमा पर 1 दिसंबर से किसानों का आंदोलन चल रहा है, लेकिन गिरफ्तार युवक को हंगामे से पहले कभी नहीं देखा गया। कुछ किसानों का दावा है कि युवक के साथ एक-दो लोग और थे, जो वहां से फरार हो गए। वहीं मामले में भारतीय किसान यूनियन (Bhanu) के अध्यक्ष योगेश प्रताप सिंह ने कहा कि गिरफ्तार युवक सभी के पास जाकर पूछ रहा था कि नए कानून में क्या गलत है। उनके मुताबिक ये (युवक) ऐसे लोगों से जुडे़ हैं जो किसान आंदोलन के बीच में तैनात होकर इसे कमजोर करना चाहते हैं।
वहीं चिल्ला बॉर्डर पर मौजूद कुछ प्रदर्शनकारियों ने बताया कि उनका आंदोलन शांतिपूर्वक चल रहा था। इस बीच कुछ मीडियाकर्मी वहां पहुंचे और किसानों का इंटरव्यू करने लगे। तभी युवक खड़ा हुआ और किसानों का आतंकवादी कहने लगा। उसका मकसद किसानों को हिंसा के लिए उकसाना था। उन्होंने अपना दर्द साझा करते हुए पूछा कि क्या हम आतंकवादी हैं?












Click it and Unblock the Notifications