कोरोना को देखते हुए ज्यादा भीड़ जमा नहीं करेंगे, धरने पर शिफ्टों में आएंगे किसान: राकेश टिकैत
कोरोना को देखते हुए आंदोलन के लिए शिफ्टों में आएंगे किसान: राकेश टिकैत
नई दिल्ली, 27 अप्रैल: भारतीय किसान यूनियन के नेता राकेश टिकैत ने कहा है कि केंद्र के तीन कृषि कानूनों के खिलाफ छह महीने से ज्यादा समय से चल रहा किसानों का आंदोलन जारी रहेगा। दिल्ली और उत्तर प्रदेश को जोड़ने वाले गाजीपुर बॉर्डर पर किसानों का नेतृत्व कर रहे टिकैत ने मंगलवार को कहा है कि कोरोना संक्रमण जिस तरह से बढ़ा है, उसको लेकर किसान भी एहतियात कर रहे हैं। कोरोना को देखते हुए ही आंदोलन स्थल पर ज्यादा भीड़ ना करने का भी फैसला लिया गया है। इसलिए किसान शिफ्ट में आंदोलन में शामिल होंगे।

राकेश टिकैत ने कहा कि कोरोना संक्रमण को देखते हुए किसानों ने आंदोलन की रणनीति में कुछ बदलाव किए हैं। अब धरनास्थलों पर अ ज्यादा भीड़ के बजाय शिफ्टों में किसान बुलाए जा रहे हैं। उन्होंने ये भी कहा कि कोरोना की आड़ में धरने समाप्त कराना चाहती हैं लेकिन किसान उठने वाला नहीं है। उन्होंने कहा कि कोरोना को लेकर किसान भी सभी गाइडलाइन मान रह है लेकिन अगर इसके बहाने आंदोलन खत्म करने की कोशिश हुई तो लाखों किसान दिल्ली पहुंचेंगे।
टिकैत ने किसानों से आग्रह किया है कि इस आंदोलन को अपने नियमित जीवन का हिस्सा बना लीजिए। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार ने हमारी मांगों को अभी तक नहीं माना है, अगर वो पांच साल तक सरकार चला सकते हैं तो हम अपने आंदोलन को भी अगले पांच साल तक जारी रख सकते हैं। मांगे नहीं मानी गई तो 2024 तक सड़क पर बैठेंगे।
बता दें कि केंद्र सरकार बीते साल जून में तीन नए कृषि कानून लेकर आई थी, जिनमें सरकारी मंडियों के बाहर खरीद, अनुबंध खेती को मंजूरी देने और कई अनाजों और दालों की भंडार सीमा खत्म करने जैसे प्रावधान किए गए हैं। इसको लेकर किसान जून के महीने से लगातार आंदोलनरत हैं और इन कानूनों को वापस लेने की मांग कर रहे हैं। किसानों का आंदोलन जून, 2020 से नवंबर तक मुख्य रूप से हरियाणा और पंजाब में चल रहा था। सरकार की ओर से प्रदर्शन पर ध्यान ना देने की बात कहते हुए 26 नवंबर को किसानों ने दिल्ली के लिए कूच कर दिया। इसके बाद 26 नवंबर, 2020 से देशभर के किसान दिल्ली और हरियाणा को जोड़ने वाले सिंधु बॉर्डर, टिकरी बॉर्डर, गाजीपुर बॉर्डर पर धरना दे रहे हैं।












Click it and Unblock the Notifications