थाईलैंड में IT सेक्टर की नौकरियों के नाम पर भारतीयों से बढ़ी धोखाधड़ी, सरकार ने जारी की एडवाइजरी
नई दिल्ली, 24 सितंबर। भारत सरकार ने थाईलैंड और म्यांमार में भारतीयों को फर्जी नौकरी दिलाने वाले गिरोह से सावधान किया है। आईटी पेशेवरों को फर्जी नौकरी के रैकेट से बचाने के लिए विदेश मंत्रालय ने आज एडवाइजरी जारी की है। मंत्रालय की तरफ से कहा गया है कि थाईलैंड और म्यांमार में'डिजिटल सेल्स एंड मार्केटिंग एक्जीक्यूटिव' के पदों पर नौकरी देने के नाम पर आईटी कंपनियां की तरफ से कॉल-सेंटर घोटाले और क्रिप्टोक्यूरेंसी धोखाधड़ी में भारतीय लोगों को धकेला जा रहा है।
Recommended Video

वहीं, दो दिन पहले विदेश मंत्रालय (MEA) के प्रवक्ता अरिंदम बागची ने भी भारतीय नागरिकों से थाईलैंड में नौकरी करने से पहले अत्यधिक सावधानी बरतने को कहा था। बागची ने भारतीयों को आगाह करते हुए कहा था कि इन देशों में दर्जनों भारतीयों को अवैध रूप से म्यांमार में रोजगार रैकेट के हिस्से के रूप में लाया गया था। ये सभी लोग यहां फंसे हुए हैं। हालांकि, हमारी तरफ से उन्हें छुड़ाने की कोशिश की जा रही है।
इधर, विदेश मंत्रालय की तरफ से जारी आधिकारिक एडवाइजरी में कहा गया कि आईटी क्षेत्र के युवा, जिन्हें सोशल मीडिया विज्ञापनों के साथ-साथ दुबई और भारत स्थित एजेंटों द्वारा थाईलैंड में आकर्षक नौकरियों के नाम पर ठगा जा रहा है। विदेश मंत्रालय की एडवाइजरी में कहा गया है कि पीड़ितों को कथित तौर पर अवैध रूप से सीमा पार से म्यांमार ले जाया जाता है और कठिन परिस्थितियों में काम कराने के लिए बंदी बना लिया जाता है।
हालांकि, भारतीय आईटी पेशेवर इस तरह के झांसे में न आएं, इसलिए सरकार ने भारतीय नागरिकों को सलाह दी कि वे सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म या अन्य स्रोतों के माध्यम से जारी किए जा रहे ऐसे फर्जी नौकरी के प्रस्तावों में न फंसें। साथ ही एडवाइजरी में कहा गया है कि रोजगार के उद्देश्यों के लिए पर्यटक/विजिट वीजा पर यात्रा करने से पहले वे विदेश में संबंधित कंपनियों और एजेंटों की जांच करा लें।
आपको बता दें कि इससे पहले म्यांमार के यांगून में भारतीय दूतावास ने एक एडवाइजरी जारी की थी। इसने म्यांमार के सुदूर पूर्वी सीमावर्ती इलाकों में स्थित डिजिटल स्कैमिंग गतिविधियों में लिप्त कंपनियों के बारे में आगाह किया था। म्यांमार में पकड़े गए भारतीयों की बड़ी संख्या के बारे में एक सवाल पर विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता ने कहा था कि अभी यह बता पाना मुश्किल हैं। लेकिन अब तक 32 लोगों को निश्चित रूप से बचाया जा चुका है। जबकि कई जगहों से अन्य को भी बाहर निकाला जा रहा है। हालांकि, ऐसा अनुमान लगाया जा रहा है कि अब भी 80 से 90 लोग फंसे हुए हैं।
ये भी पढ़ें- विदेश दौरे के लिए मंजूरी न मिलने पर बोले पंजाब के मंत्री अमन अरोड़ा, क्या कहा जानिए












Click it and Unblock the Notifications