संसदीय कमेटी के सामने पेश हुए Facebook India के हेड, बोले- बजरंग दल पर पाबंदी लगाने की जरूरत नहीं
Facebook India के मुखिया अजीत मोहन बुधवार को संसदीय पैनल के सामने पेश हुए। इस दौरान उन्होंने कहा कि फेसबुक पर बजरंग दल द्वारा पोस्ट किए गए कंटेंट में कार्रवाई करने लायक कुछ नहीं मिला है। अजीत मोहन ने कहा कि सोशल मीडिया कंपनी की फैक्ट चेकिंग कंपनी को इस तरह की कोई आपत्तिजनक सामग्री नहीं मिली है जिसपर प्रतिबंध लगाने की जरूरत है। संसदीय कमेटी की ओर से अजीत मोहन से सवाल-जवाब किए गए।

बता दें कि सूचना प्रोद्योगिकी संबंधी संसद की स्थायी समिती के सामने अजीत मोहन पेश हुए थे। इस समिति के अध्यक्ष कांग्रेस सांसद शशि थरूर हैं। अजीत मोहन के साथ लोक नीति निदेशक शिवनाथ ठुकराल भी समितिी के सामने पेश हुए। सूत्रों के अनुसार शशि थरूर के अलावा कार्ति चिदंबरम ने अजीत मोहन से बजरंग दल को लेकर वॉल स्ट्रीट जर्नल की रिपोर्ट पर भी सवाल किया।
गौरतलब है कि वॉल स्ट्रीट जर्नल की रिपोर्ट में दावा किया गया था कि बजरंग दल पर प्रतिबंध को लेकर फेसबुक की ओर से आंतरिक मूल्यांकन किया गया था, लेकिन फेसबुक ने वित्तीय कारणों और अपने कर्मचारियों की सुरक्षा की चिंता की वजह से बजरंग दल पर कोई कार्रवाई नहीं की और ना ही किसी तरह का कोई प्रतिबंध लगाया। संसदीय समिति में भाजपा सांसद निशिकांत दूबे ने पूछा कि जब बजरंग दल की पोस्ट में सोशल मीडिया की नीतियों के उल्लंघन की कोई बात नहीं पाई गई थी तो आखिर वॉल स्ट्रीट जर्नल की रिपोर्ट को खारिज क्यों नहीं किया गया, आखिर क्यों इस रिपोर्ट को फर्जी नहीं कहा गया।
वॉल स्ट्रीट की रिपोर्ट में बजरंग दल के एक वीडियो का हवाला देते हुए कहा गया कि इस वीडियो में बजरंग दल ने दिल्ली के चर्च पर हुए हमले की जिम्मेदारी ली थी, बावजूद इसके इस वीडियो को फेसबुक पर अनुमति दी गई और इसे 2.5 लाख लोगों ने देखा। फेसबुक के प्रवक्ता एंडी स्टोन ने जर्नल को कहा कि हम किसी भी पार्टी या अन्य से प्रभावित हुए बिना दुनियाभर में अपनी नीतियों का पालन करते हैं।












Click it and Unblock the Notifications