बॉलीवुड छोड़ने वाली सना खान ने शादी की खबर वायरल होने के बाद तोड़ी चुप्पी, फोटो शेयर कर लिखी ये बात
नई दिल्ली। धार्मिक वजह से बॉलीवुड छोड़कर सभी को चौंकाने वाली मॉडल और एक्ट्रेस सना खान (Sana Khan) ने गुपचुप शादी कर ली है। इसका पता तब चला जब उनका अपने शौहर के साथ एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ। इस वीडियो के बाद लोगों को पता चला कि फिल्मों और बिग बॉस जैसे चर्चित शो का हिस्सा रहीं सना ने गुजरात के एक मौलवी मुफ्ती अनस से निकाह रचाया है।
Recommended Video

पति के साथ वीडियो हुआ था वायरल
बता दें कि बिग बॉस की पूर्व प्रतियोगी रही सना खान ने पिछले महीने ही बॉलीवुड को छोड़ने का ऐलान कर दिया था। अब एक महीने के भीतर ही उनकी शादी की खबर सामने आई है। सना और उनके पति का वीडियो सामने आते ही सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। वीडियो में सना खान अपने पति मुफ्ती अनस के साथ केक काटती नजर आ रही थीं। सना ने सफेद रंग का गाउन पहन रखा था जबकि उनके शौहर ने भी सफेद रंग का ही कुर्ता पहन रखा था। सना का वीडियो सामने आने के बाद ही फैन्स ने उन्हें बधाईयां देनी शुरू कर दी थीं।

खुद फोटो शेयर की दी शादी की जानकारी
वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद अब सना खान ने भी अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर अपनी शादी की जानकारी दी है। सना ने शौहर के साथ अपनी फोटो पोस्ट करते हुए लिखा "अल्लाह की खातिर एक दूसरे को प्यार किया, अल्लाह की खातिर एक दूसरे से शादी की, अल्लाह हमें इस दुनिया में साथ रखे और जन्नत में एक बार फिर साथ करे।"
सना खान ने जो फोटो शेयर कि है उसमें वह लाल रंग का ब्राइडल लहंगा पहने हुए हैं जबकि उनके शौहर मुफ्ती अनस सफेद ड्रेस में नजर आ रहे हैं।

पिछले महीने ये कहकर छोड़ा था बॉलीवुड
पिछले महीने 8 अक्टूबर को सना खान ने एक पोस्ट लिखकर शोबिज की दुनिया को छोड़ने की जानकारी दी थी। इंस्टाग्राम पर एक लंबे पोस्ट में उन्होंने अपने प्रशंसकों को शुक्रिया कहते हुए एक सवाल किया था कि "क्या इंसान का इस दुनिया में आने का मकसद सिर्फ ये है कि वो दौलत और शोहरत कमाए?" इसका जवाब उन्होंने इसी पोस्ट में देते हुए लिखा कि "सवाल का जवाब जब मैने अपने मजहब में तलाश किया तो मुझे पता चला कि ये जिंदगी दरअसल मरने के बाद की जिंदगी को बेहतर बनाने के लिए है। और वो तब होगी जब बंदा अपने पैदा करने वाले के मुताबिक जिंदगी गुजारे, और सिर्फ दौलत और शोहरत को अपना मकसद न बनाए, बल्कि गुनाह की जिंदगी से बचकर इंसानियत की खिदमत करे... इसलिए मैं आज ये ऐलान करती हूं कि आज से मैं अपनी शोबिज (फिल्म इंडस्ट्री) की जिंदगी छोड़कर इंसानियत की खिदमत और अपने पैदा करने वाले के हुक्म पर चलने का पक्का इरादा करती हूं।"

कई फिल्मों और सीरीज में आईं नजर
सना खान ने साल 2005 में फिल्म 'यही है हाई सोसायटी' से बॉलीवुड में डेब्यू किया था। इसके बाद वो बॉम्बे टू गोवा, धन धना धन गोल, हल्ला बोल, जय हो, वजह तुम हो जैसी फिल्मों में नजर आईं। कुछ दिनों पहले सना वेब सीरीज स्पेशल ऑप्स में भी नजर आई थीं। हिंदी फिल्मों के अलवा सना ने तेलुगु और तमिल फिल्मों में भी काम किया है।












Click it and Unblock the Notifications