eMudhra की बड़ी चूक से इंटरनेट सिक्योरिटी पर खतरा, 8 डिजिटल चाबियां इतनी कमजोर कि सेकंडों में हो गईं रिकवर
eMudhra Security Flaw: बेंगलुरु की साइबर सिक्योरिटी कंपनी eMudhra की एक बड़ी तकनीकी चूक ने इंटरनेट पर वेबसाइटों की पहचान सुरक्षित रखने वाली व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। कंपनी के 8 सिक्योरिटी सर्टिफिकेट्स की प्राइवेट कीज इतनी कमजोर पाई गईं कि उन्हें कुछ ही सेकंड में रिकवर किया जा सकता था। इन कीज का इस्तेमाल करके हमलावर दुनिया की किसी भी वेबसाइट के नाम पर फर्जी डिजिटल सर्टिफिकेट जारी कर सकते थे। इससे बैंकिंग वेबसाइटों, सरकारी पोर्टल और दूसरी ऑनलाइन सेवाओं की पहचान पर भरोसा कमजोर पड़ सकता था।
मामले की गंभीरता को देखते हुए केंद्र सरकार ने जांच के लिए एक विशेष टीम बनाई है। Google, Mozilla, Apple और Microsoft ने प्रभावित सर्टिफिकेट्स को ब्लॉक कर दिया है। वहीं, भारतीय साइबर सुरक्षा एजेंसी CERT-In ने सरकारी विभागों, इंटरनेट सेवा प्रदाताओं और वेबसाइट संचालकों को अपने सिस्टम की जांच करने की सलाह दी है।

पहले समझिए, पूरा मामला क्या है?
- कंपनी: eMudhra Ltd, बेंगलुरु स्थित सर्टिफिकेट अथॉरिटी।
- चूक: 8 डिजिटल सर्टिफिकेट्स की प्राइवेट कीज बेहद कमजोर थीं।
- खतरा: इनका इस्तेमाल करके फर्जी डिजिटल सर्टिफिकेट जारी किए जा सकते थे।
- कार्रवाई: Google, Mozilla, Apple और Microsoft ने प्रभावित सर्टिफिकेट्स को ब्लॉक किया।
- सरकारी कदम: इलेक्ट्रॉनिक्स और सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय (MeitY) ने जांच के लिए विशेष टीम बनाई।
- अब तक की स्थिति: कीज के दुरुपयोग का कोई प्रमाण सामने नहीं आया है, लेकिन जोखिम को गंभीर माना गया है।
आखिर 8 डिजिटल कीज में क्या गड़बड़ी थी?
वेबसाइटों की पहचान प्रमाणित करने के लिए इस्तेमाल होने वाली डिजिटल कीज को बेहद सुरक्षित तरीके से बनाया जाता है। इनका नंबर इतना बड़ा और अप्रत्याशित होना चाहिए कि कोई दूसरा व्यक्ति इसका अनुमान न लगा सके। लेकिन eMudhra के आठ प्रभावित सर्टिफिकेट्स की प्राइवेट कीज में पर्याप्त क्रिप्टोग्राफिक रैंडमनेस नहीं थी। रिपोर्ट के मुताबिक, ये कीज 4, 56, 66, 115, 155, 156, 230 और 237 जैसे बेहद छोटे नंबरों के बराबर थीं। आमतौर पर इस तरह की क्रिप्टोग्राफिक व्यवस्था में प्राइवेट की को बेहद बड़े संभावित नंबरों के समूह से चुना जाता है। लेकिन यहां कीज का दायरा इतना सीमित था कि संभावित विकल्पों को आजमाकर उन्हें रिकवर किया जा सकता था।
Mozilla के क्रिप्टोग्राफी इंजीनियर डेनिस जैक्सन ने प्रभावित कीज को लगभग पूरी तरह शून्य से बनी हुई कीज के तौर पर वर्णित किया। Mozilla के इंजीनियरों ने शुरुआती 256 संभावित कीज बनाकर उनकी जांच की और कमजोर कीज तक पहुंच गए। इससे पता चलता है कि समस्या किसी जटिल साइबर हमले से ज्यादा बुनियादी सुरक्षा प्रक्रिया में हुई चूक थी।
प्राइवेट की लीक होने से क्या खतरा पैदा होता है?
इसे एक उदाहरण से समझिए। मान लीजिए, किसी बैंक की वेबसाइट का डिजिटल सर्टिफिकेट उसकी पहचान का प्रमाणपत्र है। ब्राउजर इस सर्टिफिकेट के जरिए जांचता है कि वेबसाइट वास्तव में उसी बैंक की है, जिसका दावा वह कर रही है। अब अगर उस सर्टिफिकेट को जारी करने वाली अथॉरिटी की प्राइवेट की किसी के हाथ लग जाए, तो हमलावर उस अथॉरिटी के नाम पर फर्जी सर्टिफिकेट बना सकता है।
इसका इस्तेमाल करके वह ऐसी वेबसाइट तैयार करने की कोशिश कर सकता है, जो किसी असली बैंक, सरकारी पोर्टल या दूसरी ऑनलाइन सेवा जैसी दिखे। अगर किसी सिस्टम में फर्जी सर्टिफिकेट स्वीकार हो जाए, तो यूजर को यह पहचानने में मुश्किल हो सकती है कि वह असली वेबसाइट से जुड़ा है या किसी हमलावर के बनाए नकली सर्वर से।
ऐसी स्थिति में संभावित खतरे हैं...
- फिशिंग: यूजर को असली वेबसाइट जैसी दिखने वाली नकली साइट पर ले जाना।
- मैन-इन-द-मिडिल अटैक: यूजर और सर्वर के बीच होने वाले संचार को बीच में रोकने या उसमें बदलाव करने की कोशिश।
- जानकारी की चोरी: लॉगिन क्रेडेंशियल और दूसरी संवेदनशील जानकारी हासिल करने का जोखिम।
- वित्तीय धोखाधड़ी: बैंकिंग या भुगतान से जुड़ी जानकारी का दुरुपयोग।
क्या बैंक और सरकारी वेबसाइटें भी खतरे में थीं?
सैद्धांतिक रूप से, ऐसी कमजोरी का दायरा किसी एक वेबसाइट या कंपनी तक सीमित नहीं होता। इसकी वजह यह है कि सर्टिफिकेट अथॉरिटी का काम दूसरी वेबसाइटों की पहचान प्रमाणित करना भी होता है। इंटरनेट पर डिजिटल सर्टिफिकेट की व्यवस्था कई स्तरों पर काम करती है। सबसे ऊपर रूट सर्टिफिकेट होता है, जिसके आधार पर इंटरमीडिएट सर्टिफिकेट जारी किए जाते हैं। फिर इंटरमीडिएट सर्टिफिकेट का इस्तेमाल अलग-अलग वेबसाइटों या सॉफ्टवेयर के सर्टिफिकेट पर हस्ताक्षर करने के लिए किया जाता है।
eMudhra के प्रभावित 8 सर्टिफिकेट इंटरमीडिएट सर्टिफिकेट थे। इनमें छह वेबसाइटों के लिए और दो कोड साइनिंग के लिए इस्तेमाल होते थे। कोड साइनिंग सर्टिफिकेट सॉफ्टवेयर की प्रामाणिकता साबित करने में मदद करते हैं। इसलिए, ऐसी किसी अथॉरिटी की प्राइवेट की कमजोर होने पर उन वेबसाइटों और सॉफ्टवेयर की सुरक्षा पर भी सवाल उठ सकते हैं, जो उससे जारी सर्टिफिकेट पर निर्भर हैं।
ब्राउजर ने इस खतरे को कैसे रोका?
Google Chrome, Mozilla Firefox, Apple Safari और Microsoft Edge जैसे ब्राउजर डिजिटल सर्टिफिकेट पर भरोसा करने से पहले कई तरह की जांच करते हैं। इस मामले में एक महत्वपूर्ण सुरक्षा व्यवस्था सर्टिफिकेट ट्रांसपेरेंसी (Certificate Transparency) लॉग थी। ये सार्वजनिक रिकॉर्ड होते हैं, जिनमें जारी किए गए डिजिटल सर्टिफिकेट दर्ज किए जाते हैं। इससे संदिग्ध या अनधिकृत सर्टिफिकेट की पहचान करने में मदद मिलती है।
प्रभावित कीज से बनाए गए किसी फर्जी सर्टिफिकेट को इन लॉग में दर्ज कराना पड़ता, जहां उसकी जांच हो सकती थी। ब्राउजर में मौजूद सुरक्षा उपायों ने संभावित दुरुपयोग को पकड़ने में अहम भूमिका निभाई।
eMudhra से गलती कैसे हुई?
eMudhra ने बुधवार को अपने बयान में बताया कि की जनरेशन प्रक्रिया में एक तकनीकी कमी के कारण मूल मजबूत कीज के साथ कमजोर कीज का दूसरा सेट भी बन गया था। कंपनी के मुताबिक, यह गड़बड़ी 30 अप्रैल 2025 को हुई की जनरेशन प्रक्रिया के दौरान सामने आई। Mozilla को दिए गए जवाब में कंपनी ने बताया कि उसके कर्मचारियों ने अमेरिका और यूरोप स्थित डेटा सेंटरों में कीज एक्सपोर्ट करने के परीक्षण के दौरान सामान्य प्रक्रिया से अलग तरीका अपनाया था। कंपनी के अनुसार, इस बदलाव के दौरान कोड में मौजूद कमी के कारण कमजोर कीज का दूसरा सेट तैयार हो गया।
कंपनी ने यह भी कहा कि दोनों सेट के लेबल एक जैसे होने के कारण कर्मचारियों ने गलती से कमजोर कीज का इस्तेमाल कर लिया। इस प्रक्रिया में कई स्तरों पर मानवीय गलतियां भी हुईं।
eMudhra का कहना है कि उसके इंफ्रास्ट्रक्चर से कोई समझौता नहीं हुआ और न ही डेटा ब्रीच हुआ। कंपनी ने यह भी स्पष्ट किया कि उसके भारतीय डिजिटल सिग्नेचर सर्टिफिकेट और eSign कारोबार अलग इंफ्रास्ट्रक्चर पर चलते हैं और इस घटना से प्रभावित नहीं हुए।
कंपनी ने दावा किया कि संबंधित सर्टिफिकेट और रूट सर्टिफिकेट का लगातार दो वर्षों तक स्वतंत्र ऑडिट किया गया था। लेकिन इस मामले ने यह सवाल खड़ा किया है कि नियमित ऑडिट के बावजूद इतनी बुनियादी तकनीकी कमजोरी सामने आने से कैसे रह गई।
केंद्र सरकार और CERT-In ने क्या कहा?
इलेक्ट्रॉनिक्स और सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय (MeitY) ने कहा कि सरकार ने मामले को गंभीरता से लिया है और जांच के लिए एक विशेष टीम गठित की है। मंत्रालय के अनुसार, भारतीय वेबसाइटों और एप्लिकेशन पर इसका प्रभाव बहुत कम समय के लिए रहा। मंत्रालय ने सोशल मीडिया पर इस घटना को लेकर फैलाए जा रहे कुछ दावों को डर पैदा करने वाला भी बताया।
दूसरी ओर, भारतीय कंप्यूटर इमरजेंसी रिस्पॉन्स टीम (CERT-In) ने अपनी एडवाइजरी में कमजोर क्रिप्टोग्राफिक कीज को लेकर चेतावनी दी। एजेंसी ने कहा कि इन कीज को लगभग तुरंत रिकवर किया जा सकता था और हमलावर इनका इस्तेमाल संचार को इंटरसेप्ट करने या उसमें बदलाव करने के लिए कर सकते थे। इससे क्रेडेंशियल चोरी, संवेदनशील जानकारी के अनधिकृत खुलासे और वित्तीय धोखाधड़ी का जोखिम पैदा हो सकता था।
CERT-In ने सरकारी विभागों, इंटरनेट सेवा प्रदाताओं, सॉफ्टवेयर कंपनियों और वेबसाइट एडमिनिस्ट्रेटरों से प्रभावित सर्टिफिकेट की समीक्षा करने तथा अपने सिस्टम में भरोसेमंद सर्टिफिकेट की सूची अपडेट करने को कहा। एजेंसी ने यह भी सलाह दी कि सर्टिफिकेट वैलिडेशन से जुड़ी चेतावनियों को नजरअंदाज न करें और सुरक्षा जांच को बंद न करें।
साइबर सुरक्षा विशेषज्ञ इसे गंभीर क्यों मान रहे हैं?
साइबर सुरक्षा विशेषज्ञों के मुताबिक, यह मामला सिर्फ आठ कमजोर कीज का नहीं, बल्कि इंटरनेट पर भरोसे की व्यवस्था का है। ExpressVPN के चीफ रिसर्च ऑफिसर पीट मेम्ब्रे ने कहा कि कुछ कीज इतनी छोटी थीं कि उन्हें समझाना भी मुश्किल था। उनके मुताबिक, सामान्य स्टैंडर्ड टूल ऐसी कीज बनाने की अनुमति नहीं देते। इससे यह सवाल उठा कि क्या कीज बनाने की प्रक्रिया में किसी कस्टम तरीके का इस्तेमाल किया गया था।
उन्होंने इस स्थिति को फिशिंग और मैन-इन-द-मिडिल हमलों के लिहाज से गंभीर बताया। उनके अनुसार, प्रभावित सर्टिफिकेट्स को रद्द करना जरूरी है, लेकिन इस प्रक्रिया में समय लग सकता है, क्योंकि पहले से जारी वैध सर्टिफिकेट और उन पर निर्भर सेवाओं को भी ध्यान में रखना होगा।
साइबर सुरक्षा फर्म Security Brigade के संस्थापक और मुख्य प्रौद्योगिकी अधिकारी यश कडाकिया ने कहा कि किसी एक सर्टिफिकेट अथॉरिटी की नाकामी उन संगठनों की डिजिटल पहचान को भी प्रभावित कर सकती है, जिनका उस कंपनी से सीधा संपर्क नहीं रहा है।
खास चिंता पुराने राउटर, पेमेंट टर्मिनल और ऐसे सॉफ्टवेयर को लेकर है, जिन्हें नियमित रूप से अपडेट नहीं किया जाता। इन सिस्टम में प्रभावित सर्टिफिकेट की पहचान करने और उन्हें हटाने की प्रक्रिया अधिक कठिन हो सकती है।


Click it and Unblock the Notifications
