उमर अब्दुल्ला बोले- EVM में कांग्रेस का बटन काम नहीं कर रहा, EC का जवाब- बीजेपी का भी बटन था खराब
नई दिल्ली। लोकसभा चुनाव के तहत पहले चरण में 20 राज्यों की 91 सीटों पर मतदान जारी है। जम्मू-कश्मीर की 2 सीटों पर भी गुरुवार को मतदान हो रहा है। भारी सुरक्षा के बीच सभी मतदान केंद्रों पर वोटिंग हो रही है। गुरुवार को सुबह नैशनल कॉन्फ्रेंस नेता उमर अब्दुल्ला ने ट्वीट कर पुंछ में कई बूथों पर ईवीएम में कांग्रेस के सिंबल वाले बटन के काम न करने की शिकायत की थी। इसको लेकर सियासत गरमाई थी।

उमर अब्दुल्ला के इन आरोपों पर निर्वाचन अधिकारी ने कहा कि शाहपुर में ईवीएम में कांग्रेस के बटन में कुछ दिक्कत आई थी, जिसके बाद वहां पर मशीन को बदल दिया गया। दूसरे पोलिंग बूथ पर बीजेपी के बटन में भी दिक्कत आई थी इसके बाद वहां भी मशीन को बदला गया।
2019 के इस लोकसभा चुनाव में सात चरण में वोटिंग की प्रक्रिया संपन्न होगी। पहले चरण में वोटिंग गुरुवार (11 अप्रैल) को हो रही है जबकि आखिरी चरण में 19 मई को मतदान होगा। लोकसभा चुनाव के परिणाम 23 मई को घोषित होंगे। पहले चरण के मतदान में 91 लोकसभा सीटों में 8 सीटें उत्तर प्रदेश, 4 सीटें बिहार और 7 सीटें महाराष्ट्र की भी शामिल हैं।
आंध्र प्रदेश की 25 और तेलंगाना की 17 सीटें हैं। इनके अलावा उत्तराखंड की 5, छत्तीसगढ़ की 1, पश्चिम बंगाल की 2, अरुणाचल की 2, असम की 5, जम्मू-कश्मीर की 2, मणिपुर की 1, मेघालय की 2, मिजोरम की 1, नागालैंड की 1, ओडिशा की 4, सिक्किम की 1, त्रिपुरा की 1, अंडमान की 1 और लक्षद्वीप की 1 लोकसभा सीट पर वोट डाले जा रहे हैं।












Click it and Unblock the Notifications