कोविड के बीच चुनाव: बंगाल-केरल में एक हफ्ते में दोगुने हुए ऐक्टिव केस, असम में 230% उछाल
नई दिल्ली, 21 अप्रैल: जिन राज्यों में चुनाव हो रहे हैं वहां पिछले हफ्तों में कोरोना के ऐक्टिव मामलों में भारी इजाफा दर्ज किया गया है। 12 अप्रैल से 19 अप्रैल के बीच के आंकड़ों के मुताबिक पश्चिम बंगाल और केरल में तो ऐक्टिव केस दोगुने हो गए हैं, जबकि तमिलनाडु में यह इजाफा 62 फीसदी का हुआ है। जबकि, असम में जहां बीते 6 अप्रैल को तीसरे दौर का चुनाव खत्म हो गया है, वहां इसमें 230 फीसदी का उछाल आया है। हैरान करने की बात ये है कि इस अवधि में देश में कोरोना से सबसे ज्यादा प्रभावित महाराष्ट्र में भी सिर्फ 19.79 फीसदी की रफ्तार से ही ऐक्टिव केस बढ़े हैं।

असम में 13 दिन में 10 गुना बढ़े ऐक्टिव केस
न्यूज18 की एक रिपोर्ट के मुताबिक 6 अप्रैल को अंतिम चरण की वोटिंग के बाद से असम में ऐक्टिव केस में 10 गुना वृद्धि हुई है, जबकि इस दौरान पश्चिम बंगाल में चार गुना मामले बढ़े हैं। गौरतलब है कि वहां 29 अप्रैल तक तीन दौर की वोटिंग और होनी है। 6 से 19 अप्रैल के बीच केरल और तमिलनाडु में ऐक्टिव केस 3 गुना बढ़े हैं। महामारी की शुरुआत से 6 अप्रैल तक असम में कोविड के 2,18,740 केस सामने आए थे और 19 अप्रैल तक इसमें 7,000 मामलों की बढ़ोतरी हो गई। इस अवधि में वहां 33 कोरोना मरीजों की मौत भी दर्ज की गई। गौरतलब है कि असम में चुनावों के दौरान टेस्टिंग में बहुत ही ज्यादा कमी आ गई थी। इस तरह बंगाल में भी चुनावों के दौरान टेस्टिंग में बहुत ही ज्यादा कमी दर्ज की गई है।

बंगाल में बीते 19 दिनों में 13.62 फीसदी मामले बढ़े
बंगाल की बात करें तो यहां 15 जनवरी से 15 मार्च के बीच 14,000 नए केस और 269 मौत दर्ज किए गए थे। लेकिन, 15 मार्च से 19 अप्रैल के बीच राज्य में 89,700 मामले सामने आए और 371 लोगों की मौत हुई। जबकि, यह वही समय है, जब वहां चुनाव भी चल रहे थे और टेस्टिंग भी काफी कम हो रही थी। पिछले एक हफ्ते में बंगाल में हर दिन 46,000 से कम टेस्टिंग हुई है। फिर भी अगर 1 अप्रैल से लेकर 19 अप्रैल तक के आंकड़े को देखें तो वहां कोरोना के कुल 80,000 नए मामले सामने आए हैं और 19 दिनों में ही इसमें 13.62 फीसदी का इजाफा है। जबकि, सिर्फ 12 अप्रैल से 19 अप्रैल के बीच की बात करें तो वहां 53,000 नए केस सामने आए हैं और 200 से ज्यादा लोगों की मौत सिर्फ इस एक हफ्ते में हुई है। इस दौरान केरल में 85,878 नए मामले और 167 मौत दर्ज की गई है, वहीं तमिलनाडु में इस अवधि में 68,735 नए केस सामने आए हैं और 249 लोगों की मौत हुई है।

बंगाल में तीन चरण का चुनाव बाकी
तमिलनाडु के आंकड़ों पर नजर डालें तो चुनाव के दौरान कोरोना के मामलों में इजाफे का असर साफ दिखता है। जैसे 1 मार्च से 15 के बीच वहां कुल 8,000 नए मामले सामने आए और 50 लोगों की मौत हुई थी। लेकिन, 15 मार्च से 1 अप्रैल के बीच जब धुआंधार प्रचार चल रहा था तो वहां 29,000 केस बढ़ गए और 187 लोगों की इस बीमारी से मौत हो गई। 1 अप्रैल से लेकर 19 अप्रैल के बीच तो इसमें 1.13 लाख का इजाफा दर्ज हुआ और 419 लोगों की मौत हो गई। गौरतलब है कि तमिलनाडु और केरल में 6 अप्रैल को एक ही चरण में वोटिंग करवाई गई है, जबकि असम में तीन चरणों में चुनाव हुए हैं और बंगाल में 8 चरणों में चुनाव हो रहे हैं, जिसमें 3 फेज अभी और बाकी हैं। अगला दौर 22 अप्रैल, 27 अप्रैल और 29 अप्रैल को होने हैं। सारे राज्यों के नतीजे 2 मई को ही आने हैं।
-
मध्यप्रदेश बना चीतों के पुनरुद्धार का प्रमुख केंद्र, कूनो में मादा चीता ने दिए 4 शावकों को जन्म -
Indian Iron Dome: UP में बनेगा भारत का अपना आयरन डोम! मिसाइल-ड्रोन से करेगा रक्षा, कौन बनाएगा और कहां बनेगा? -
Namo Bharat Train: नमो भारत ट्रेन से आसान होगा दिल्ली से हरिद्वार का सफर, 3 घंटे में पूरी होगी यात्रा!












Click it and Unblock the Notifications