केंद्र से बोला चुनाव आयोग- चुनावी राज्यों में तेज करें टीकाकरण अभियान
नई दिल्ली, 27 दिसंबर: अगले साल की शुरुआत में उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड, गोवा, मणिपुर और पंजाब में विधानसभा के चुनाव हैं, लेकिन ओमिक्रॉन की वजह से चुनाव आयोग की टेंशन बढ़ती जा रही है। इस वजह से आयोग ने केंद्र सरकार को उन राज्यों में टीकाकरण में तेजी लाने के निर्देश दिए हैं, जहां पर कुछ महीनों बाद चुनाव होने वाले हैं। वहीं कुछ मीडिया रिपोर्ट्स में दावा किया जा रहा कि चुनाव आयोग पांच राज्यों में होने वाले चुनाव को आगे बढ़ा सकता है, लेकिन चुनाव आयोग के सूत्रों ने इस बात को खारिज कर दिया।

वहीं केंद्रीय स्वास्थ्य सचिव राजेश भूषण ने सोमवार को एक बैठक में चुनाव आयोग को प्रत्येक मतदान वाले राज्य में टीकाकरण की दर की जानकारी दी। उनके मुताबिक उत्तराखंड और गोवा में 100 प्रतिशत जनसंख्या को पहली खुराक लग गई है, जबकि यूपी में ये आंकड़ा 85 फीसदी, मणिपुर और पंजाब में 80 फीसदी है। इस पर चुनाव आयोग ने स्वास्थ्य मंत्रालय से उन राज्यों में टीकाकरण प्रक्रिया में तेजी लाने को कहा, ताकि जल्द से जल्द पूरी आबादी का टीकाकरण किया जा सके।
स्वास्थ्य मंत्रालय के अलावा चुनाव आयोग के अधिकारियों ने भारत-तिब्बत सीमा पुलिस, सीमा सुरक्षा बल और सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) के शीर्ष अधिकारियों से भी मुलाकात की। साथ ही चुनावी राज्यों से लगती अंतरराष्ट्रीय सीमाओं की कड़ी निगरानी करने को कहा। वहीं एनसीबी अधिकारियों को भी चुनावी राज्यों में ड्रग तस्करों पर सख्ती करने के निर्देश दिए गए हैं, खासकर गोवा और पंजाब में।
हाईकोर्ट ने कही थी ये बात
इससे पहले गुरुवार को इलाहाबाद हाईकोर्ट में न्यायमूर्ति शेखर यादव की पीठ ने सरकार और चुनाव आयोग से विधानसभा चुनाव को एक या दो महीने के लिए स्थगित करने का आग्रह किया था। इसके अलावा कोर्ट चाहता है कि राजनीतिक रैलियों पर भी प्रतिबंध लगाने पर विचार हो।












Click it and Unblock the Notifications