ईडी के शीर्ष अधिकारी राजेश्वर सिंह जल्द भाजपा में हो सकते हैं शामिल
नई दिल्ली, 20 अगस्त। प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) के वरिष्ठ अधिकारी राजेश्वर सिंह के जल्द ही भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) में शामिल होने की संभावना है। इंडिया टुडे को सूत्रों ने बताया कि आईपीएस अधिकारी राजेश्वर सिंह बीजेपी के प्रमुख नेताओं से बातचीत कर रहे हैं।

एनकाउंटर स्पेशलिस्ट के नाम से मशहूर राजेश्वर सिंह ईडी द्वारा जांचे जा रहे कई हाई-प्रोफाइल मामलों की जांच में शामिल रहे हैं, जिनमें एयरसेल-मैक्सिस, 2जी स्पेक्ट्रम, कोयला घोटाला, कॉमनवेल्थ गेम्स घोटाला और अगस्ता वेस्टलैंड हेलिकॉप्टर घोटाला शामिल हैं। राजेश्वर सिंह की बहन जो कि एक जानी मानी वकील हैं, आभा सिंह ने ट्विटर पर अपने भाई के साथ एक फोटो शेयर करते हुए लिखा उन्होंने स्वैच्छिक सेवानिवृत्ति का विकल्प चुना है।
वकील आभा सिंह ने लिखा "देश की सेवा करने के लिए समय से पहले सेवानिवृत्ति लेने के लिए ईडी के मेरे भाई राजेश्वर सिंह को बधाई। राष्ट्र को आपकी जरूरत है"।
वर्तमान में लखनऊ में संयुक्त निदेशक के रूप में कार्यरत, राजेश्वर सिंह 2009 में उत्तर प्रदेश पुलिस से प्रतिनियुक्ति पर ईडी में शामिल हुए। यह अभी भी स्पष्ट नहीं है कि राजेश्वर सिंह आगामी उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव लड़ेंगे या नहीं। उन्होंने पूर्व केंद्रीय मंत्री पी चिदंबरम और उनके बेटे कार्ति चिदंबरम के खिलाफ भ्रष्टाचार में कथित संलिप्तता के लिए जांच और कार्रवाई में सहायता करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
उत्तर प्रदेश के सुल्तानपुर के मूल निवासी राजेश्वर सिंह धनबाद में इंडियन स्कूल ऑफ माइन्स से डिग्री इंजीनियर हैं। उनके पास कानून और मानवाधिकार की डिग्री भी है। 2018 में राजेश्वर सिंह के खिलाफ भी जांच कराई गई थी, लेकिन उनके खिलाफ अब तक किसी भी तरह की गड़बड़ी का कोई ठोस सबूत नहीं मिला है।












Click it and Unblock the Notifications