हिमाचल प्रदेश में बारिश से तबाही के बीच भूकंप के झटके, दहशत में लोग
पिछले दो दिन से भारी बारिश की मार झेल रहे हिमाचल प्रदेश में सोमवार को भूकंप के झटके महसूस किए गए। भूकंप के झटके हिमाचल के सिरमौर जिले में महसूस किए गए।
नई दिल्ली। पिछले दो दिन से भारी बारिश की मार झेल रहे हिमाचल प्रदेश में सोमवार को भूकंप के झटके महसूस किए गए। भूकंप के झटके हिमाचल के सिरमौर जिले में महसूस किए गए। भूकंप की तीव्रता हालांकि कम थी, इसलिए किसी तरह का जान-माल का नुकसान नहीं हुआ। लेकिन... पहले से ही भारी बारिश से बुरी तरह घिरे लोग भूकंप के झटके महसूस होते ही दहशत में आ गए और घरों से बाहर निकल आए। रिक्टर स्केल पर भूकंप की तीव्रता 3.7 मापी गई है।

आपको बता दें कि हिमाचल प्रदेश के कई जिले इन दिनों भारी बारिश की चपेट में है। बारिश के कारण नदियां उफान पर हैं और जगह-जगह हो रहे भूस्खलन से जान-माल का भारी नुकसान हो रहा है। सोमवार को बारिश के चलते मनाली में पानी के तेज बहाव में एक कार बह गई। कार में सवार पांच लोग भी लापता बताए जा रहे हैं, जिनके बारे में अभी तक कोई सूचना नहीं मिल पाई है। पुलिस इन लोगों की तलाश में जुटी हुई है।
126 सड़कें भूस्खलन का शिकार
चंबा जिले की एसपी डॉ. मोनिका ने बताया कि लगातार हो रही बारिश के कारण रावी नदी में पानी अभी भी खतरे के निशान से ऊपर बह रहा है लेकिन हमें उम्मीद है कि नदी का जलस्तर घटेगा। जिले लगातार हो रही बारिश के कारण कई सड़कों पर यातायात पूरी तरह बंद है। शुक्रवार से जारी भारी बारिश के कारण राज्य में अभी तक 126 सड़कें भूस्खलन का शिकार हो चुकी हैं। भूस्खलन के कारण मंडी और मनाली नेशनल हाइवे को बंद कर दिया गया है। बारिश से प्रभावित हिमाचल प्रदेश के पांच जिलों कुल्लू, किन्नौर, हमीरपुर, कांगड़ा और चंबा में राज्य सरकार ने स्कूल-कॉलेजों को बंद रखने का फैसला लिया है।












Click it and Unblock the Notifications