सीजफायर उल्लंघन पर पाक डिप्टी हाई कमिश्नर से भारत ने जताया कड़ा एतराज
नई दिल्ली। पाकिस्तान की ओर से सीजफायर उल्लंघन कर की गई गोलीबारी में पांच शहरियों की मौत के बाद भारत ने पाक से इस मामले पर एतराज जताया है। विदेश मंत्रालय ने जानकारी दी है कि सोमवार को पाकिस्तान के डिप्टी हाई कमिश्नर सैयद हैदर शाह को समन दिया गया और पाक की गोलीबारी में पांच निर्दोष आम नागरिकों की मौत और दो बच्चों के जख्मी होने के मामले को लेकर कड़ा एतराज जताया है। विदेश मंत्रालय ने हैदर शाह से कहा है कि इस तरह की घटनाएं मानवीय पैमानों पर ठीक नहीं है और ना ही एक प्रोफेशनल सेना के लिए ये ठीक है। भीमबर सेक्टर में सीजफायर उल्लंघन को लेकर पाक डिप्टी हाई कमिश्नर के सामने ये मामला उठाया गया।

पाकिस्तान की तरफ से रविवार को कश्मीर के पुंछ इलाके के बालाकोट सेक्टर में सीजफायर उल्लंघन किया गया। इसमें पांच की मौत हो गई जबकि दो बच्चे घायल हो गए। मारे गए पांचों लोग एक ही परिवार के बताए जा रहे हैं।हमले में मोहम्मद रमजान उनकी पत्नी और तीन बच्चे मर गए हैं, यह लोग बालकोट सेक्टर में रहते थे। इसके साथ ही रमजान के दो बच्चे बुरी तरह से घायल हैं जिन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है। आपको बता दें कि बीते कुछ समय से पाक सीजफायर का लगातार उल्लंघन कर रहा है, इसमें कई दफा आम शहरियों की भी जान पाक सेना की गोलीबारी में जाती रही है।












Click it and Unblock the Notifications