Get Updates
Get notified of breaking news, exclusive insights, and must-see stories!

आखिर कैसे फंस गईं DSP Kalpana Verma? वर्दी पर गद्दारी का तमगा,अब हुईं सस्पेंड! इस सूचना को लीक करने का आरोप

DSP Kalpana Verma Story: छत्तीसगढ़ पुलिस की महिला DSP कल्पना वर्मा इन दिनों अपने करियर के सबसे बड़े संकट से गुजर रही हैं। कभी बहादुरी और सख्त छवि के लिए पहचानी जाने वाली यह अधिकारी अब रिश्वत, लव ट्रैप, ब्लैकमेलिंग और सबसे गंभीर आरोप नक्सल ऑपरेशन की गोपनीय जानकारी लीक करने के मामले में घिरी हुई हैं। छत्तीसगढ़ सरकार ने 6 फरवरी को बड़ा एक्शन लेते हुए डीएसपी कल्पना वर्मा को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है।

गृह (पुलिस) विभाग के आदेश के मुताबिक शुरुआती जांच में डीएसपी के खिलाफ गंभीर आरोप पाए गए हैं। जांच में उनके पैसों के लेनदेन में गड़बड़ी, जांच के दौरान दिए गए बयानों में अंतर और मामले से जुड़े व्हाट्सएप चैट सामने आए हैं। रिपोर्ट में यह भी संकेत मिले हैं कि उन्होंने अपने पद का गलत इस्तेमाल किया, अवैध रूप से पैसा कमाया और अपनी आय से ज्यादा संपत्ति बनाई। इसे छत्तीसगढ़ सिविल सेवा (आचरण) नियम, 1965 का उल्लंघन माना गया है, इसलिए उनके खिलाफ यह कार्रवाई की गई। ऐसे में आइए जानतें इस हैं मामले की हर एक डिटेल।

DSP Kalpana Verma Story

🟡 DSP कल्पना वर्मा को लेकर जांच रिपोर्ट ने खोले कई राज

रायपुर के होटल कारोबारी दीपक टंडन और दंतेवाड़ा में तैनात DSP कल्पना वर्मा के बीच चले विवाद की जांच ASP कीर्तन राठौर की अगुवाई में की गई। करीब 30 दिन चली इस जांच में मोबाइल फोन, व्हाट्सऐप चैट, बैंक लेनदेन और अन्य डिजिटल सबूतों की फॉरेंसिक जांच कराई गई। जांच रिपोर्ट में दावा किया गया है कि DSP कल्पना वर्मा ने कारोबारी से न सिर्फ बड़ी रकम और महंगे गिफ्ट लिए बल्कि पुलिस विभाग से जुड़ी खुफिया जानकारियां भी साझा कीं।

🟡 नक्सल ऑपरेशन की जानकारी लीक करने का आरोप (DSP Kalpana Verma controversy)

इस पूरे मामले का सबसे संवेदनशील पहलू नक्सल ऑपरेशन से जुड़ा है। रिपोर्ट में कहा गया है कि DSP कल्पना वर्मा ने दंतेवाड़ा में तैनाती के दौरान कारोबारी दीपक टंडन को नक्सल ऑपरेशन से जुड़ी सूचनाएं भेजीं। इन चैट्स में सुरक्षा बलों की लोकेशन, ऑपरेशन से जुड़े इनपुट और अन्य गोपनीय जानकारियों का जिक्र है। इस खुलासे के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। सुरक्षा विशेषज्ञ इसे राज्य की आंतरिक सुरक्षा से सीधा खिलवाड़ बता रहे हैं।

🟡 तीन IPS अफसरों के नाम भी चर्चा में

जांच रिपोर्ट में यह भी दावा किया गया है कि वायरल चैट्स में तीन IPS अधिकारियों के नाम सामने आए हैं। इनसे जुड़ी सूचनाएं भी कथित तौर पर साझा की गई थीं। हालांकि इन अफसरों की भूमिका क्या है, इस पर फिलहाल जांच एजेंसियां सार्वजनिक तौर पर कुछ कहने से बच रही हैं। रिपोर्ट को गोपनीय रखते हुए पुलिस मुख्यालय और गृह विभाग को सौंपा गया है।

DSP Kalpana Verma Story

🟡 रिश्वत, गिफ्ट और करोड़ों के लेनदेन, कारोबारी दीपक टंडन ने DSP कल्पना वर्मा पर क्या-क्या लगाए थे आरोप?

कारोबारी दीपक टंडन ने आरोप लगाया है कि DSP कल्पना वर्मा ने साल 2021 से कथित तौर पर लव ट्रैप के जरिए उनसे करीब 2.5 करोड़ रुपए की वसूली की। आरोपों में 2 करोड़ रुपए नकद, एक लग्जरी इनोवा क्रिस्टा कार, 12 लाख रुपए की डायमंड रिंग, 5 लाख के सोने के गहने और अन्य महंगे गिफ्ट शामिल हैं। टंडन का कहना है कि शिकायत के बावजूद कार और गहने अब तक वापस नहीं मिले।

जांच रिपोर्ट में यह भी सामने आया है कि DSP कल्पना वर्मा ने अपने भाई के नाम पर होटल खोलने के बहाने कारोबारी से पैसे लिए। इस लेनदेन से जुड़े बैंक ट्रांजेक्शन और दस्तावेजों की भी बारीकी से जांच की गई है। रिपोर्ट में इन तथ्यों का जिक्र करते हुए अलग से कार्रवाई की सिफारिश की गई है।

🟡 DSP कल्पना वर्मा ने अपने ऊपर लगे आरोपों पर क्या कहा है?

DSP कल्पना वर्मा ने अपने ऊपर लगे सभी आरोपों को साजिश बताया है। उनका कहना है कि कारोबारी दीपक टंडन ने उन्हें बदनाम करने के लिए फर्जी चैट्स और तस्वीरें वायरल की हैं। उन्होंने दावा किया है कि वे जांच एजेंसियों को पूरा सहयोग कर रही हैं और सच्चाई जल्द सामने आएगी। कल्पना वर्मा का यह भी कहना है कि टंडन उन पर केस वापस लेने का दबाव बना रहा था और बात नहीं बनने पर मीडिया में गलत सामग्री फैलाई गई।

DSP Kalpana Verma Story

🟡 DSP कल्पना वर्मा और कारोबारी दीपक टंडन का रिश्ता और विवाद: कैसे शुरू हुई थी कहानी

कारोबारी दीपक टंडन और DSP कल्पना वर्मा की पहचान साल 2021 में हुई। उस वक्त कल्पना वर्मा महासमुंद में पदस्थ थीं। एक दिन वह अपने कुछ साथियों के साथ टंडन के होटल पहुंचीं। कल्पना का एक बैचमेट और टंडन पहले से परिचित थे, उसी ने दोनों की मुलाकात कराई। पहली मुलाकात के दौरान सामान्य बातचीत हुई और फिर दोनों ने एक-दूसरे के मोबाइल नंबर एक्सचेंज कर लिए।

मुलाकात के करीब दो दिन बाद कल्पना वर्मा ने खुद टंडन को कॉल किया। इसके बाद मिलने-जुलने का सिलसिला शुरू हो गया। जब भी कल्पना महासमुंद आतीं, दोनों की मुलाकात होती। धीरे-धीरे बातचीत बढ़ी और साथ घूमने-फिरने व छोटे ट्रिप्स पर जाना भी शुरू हो गया। इसी दौरान दोनों के बीच भरोसा और नजदीकियां बढ़ती चली गईं।

कुछ समय बाद कल्पना वर्मा का ट्रांसफर रायपुर के माना इलाके में हो गया। इसके बाद दोनों लगभग रोज मिलने लगे। घर आना-जाना शुरू हो गया और दोस्ती और गहरी हो गई। दीपक टंडन के मुताबिक, उनके मन में था कि एक सीनियर पुलिस अधिकारी से दोस्ती उनके बिजनेस के लिए फायदेमंद हो सकती है। वहीं कल्पना वर्मा का कहना था कि वह किसी बिजनेसमैन के साथ मिलकर भविष्य में अपना काम शुरू करना चाहती थीं।

इसी बीच कल्पना ने अपने छोटे भाई बिट्टू का जिक्र किया और टंडन से उसके लिए कुछ काम या बिजनेस प्लान करने को कहा। इसके बाद पैसों का लेनदेन शुरू हुआ। बाद में हालात बिगड़ते चले गए। टंडन का दावा है कि इसी दौरान उनसे लगातार पैसे और महंगे गिफ्ट मांगे जाते रहे, जिससे विवाद की शुरुआत हुई और मामला कानूनी लड़ाई तक पहुंच गया।

DSP Kalpana Verma Story

🟡 कौन हैं DSP कल्पना वर्मा? (who is DSP Kalpana Verma)

कल्पना वर्मा छत्तीसगढ़ पुलिस में डिप्टी सुपरिटेंडेंट ऑफ पुलिस (DSP) के पद पर तैनात हैं। वह एक अनुभवी पुलिस अधिकारी मानी जाती हैं और अलग-अलग जिलों में अपनी सेवाएं दे चुकी हैं। वर्तमान में उनकी पोस्टिंग दंतेवाड़ा जिले में बताई जा रही है, जो नक्सल प्रभावित इलाकों में शामिल है और जहां पुलिस अधिकारियों की जिम्मेदारी काफी संवेदनशील मानी जाती है।

अपने करियर के दौरान DSP कल्पना वर्मा एंटी टेररिज्म स्क्वॉड (ATS) के साथ भी काम कर चुकी हैं। इस दौरान उन्होंने कई अहम जिम्मेदारियां संभाली हैं। पुलिस महकमे में उनकी पहचान एक सक्रिय और फील्ड में काम करने वाली अधिकारी के तौर पर रही है।

🟡 आगे क्या होगा?

पूर्व DGP डीएम अवस्थी का कहना है कि अगर किसी अधिकारी ने विभागीय या खुफिया जानकारी बाहरी लोगों से साझा की है, तो नोटिस और सख्त कार्रवाई हो सकती है। हालांकि उन्होंने यह भी कहा कि जब तक जांच रिपोर्ट सार्वजनिक नहीं होती, तब तक अंतिम निष्कर्ष निकालना जल्दबाजी होगी।

कुल मिलाकर DSP कल्पना वर्मा का मामला अब सिर्फ निजी विवाद नहीं रह गया है। नक्सल ऑपरेशन की जानकारी लीक होने के आरोप ने इसे राष्ट्रीय सुरक्षा से जुड़ा गंभीर मुद्दा बना दिया है। आने वाले दिनों में गृह विभाग और पुलिस मुख्यालय का फैसला तय करेगा कि DSP कल्पना वर्मा का भविष्य क्या होगा और क्या वाकई उनकी नौकरी पर गाज गिरने वाली है।

More From
Prev
Next
Notifications
Settings
Clear Notifications
Notifications
Use the toggle to switch on notifications
  • Block for 8 hours
  • Block for 12 hours
  • Block for 24 hours
  • Don't block
Gender
Select your Gender
  • Male
  • Female
  • Others
Age
Select your Age Range
  • Under 18
  • 18 to 25
  • 26 to 35
  • 36 to 45
  • 45 to 55
  • 55+