क्या धोनी खेलेंगे आज अपना रिटायरमेंट मैच? हैदराबाद के खिलाफ चेन्नई में मुकाबले से पहले आई अहम जानकारी
IPL 2026 में चेन्नई सुपर किंग्स आज अपने घरेलू मैदान एमए चिदंबरम स्टेडियम में सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ इस सीजन का अपना आखिरी होम मैच खेलने जा रही है। प्लेऑफ की रेस में बने रहने के लिहाज से चेन्नई के लिए यह मुकाबला जीतना बेहद जरूरी है। इस महामुकाबले से ठीक पहले फैंस के बीच सबसे बड़ी चर्चा महान विकेटकीपर बल्लेबाज एमएस धोनी की मैदान पर वापसी को लेकर शुरू हो गई है।
सीजन की शुरुआत से पहले पैर की मांसपेशियों में खिंचाव यानी काफ इंजरी से जूझने की वजह से धोनी ने इस साल अब तक एक भी मैच नहीं खेला है। हैदराबाद के खिलाफ होने वाले इस अहम मैच से पहले अचानक धोनी के मैदान पर उतरने की अटकलें काफी तेज हो गई हैं।

धोनी की वापसी पर अपडेट
दिग्गज भारतीय स्पिनर रविचंद्रन अश्विन ने अपने यूट्यूब चैनल पर धोनी की वापसी को लेकर एक बड़ा हिंट दिया है। अश्विन ने दावा किया है कि उन्हें मिली जानकारी के मुताबिक एमएस धोनी पिछले दो से तीन मैचों से ही मैदान पर उतरने के लिए पूरी तरह फिट हो चुके हैं। अश्विन का मानना है कि सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ होने वाले इस निर्णायक मुकाबले में धोनी के खेलने की पूरी संभावना बनी हुई है। स्थानीय रिपोर्टों के अनुसार धोनी ने नेट सत्र में लंबे समय तक बल्लेबाजी का अभ्यास भी किया है जिससे यह साफ संकेत मिल रहे हैं कि वे अंतिम एकादश में प्रशांत वीर की जगह शामिल हो सकते हैं।
माही ने कर दी थी तैयारी शुरू
धोनी की चोट को लेकर इससे पहले चेन्नई के मुख्य कोच स्टीफन फ्लेमिंग और बल्लेबाजी कोच माइकल हसी ने बताया था कि धोनी ने नेट पर बल्लेबाजी तो शुरू कर दी थी लेकिन विकेटों के बीच दौड़ने और फुर्ती को लेकर टीम मैनेजमेंट पूरी सावधानी बरत रहा था। धोनी ने अब तक चेन्नई की टीम के साथ बाहरी दौरों पर ट्रैवल नहीं किया था और होम गेम्स के दौरान भी वे डगआउट से दूर रहे थे ताकि युवा खिलाड़ियों का ध्यान न भटके। अब जबकि चेन्नई के लिए यह मैच करो या मरो का बन चुका है तो चेन्नई के फैंस पूरी उम्मीद कर रहे हैं कि थाला अपने पसंदीदा चेपॉक स्टेडियम में एक बार फिर दस्ताने पहने और हाथ में बल्ला थामे हुए जलवा बिखेरेंगे।
क्या धोनी का अंतिम मैच?
इस सीजन चेन्नई में टीम का अंतिम मैच है, ऐसे में घरेलू दर्शकों के सामने माही उतर सकते हैं। सोशल मीडिया पर तो यह भी माना जा रहा है कि माही अपने आईपीएल करियर का अंतिम मुकाबला आज घरेलू दर्शकों के सामने खेल लेंगे क्योंकि उन्होंने एक बार कहा था कि उनका आखिरी मैच चेन्नई में होगा। बाकी चीजें टॉस पर ही साफ़ हो पाएंगी।












Click it and Unblock the Notifications