दिल्ली में नशे और स्पीड का कहर- रईसजादे ने कार से पुलिसकर्मी को उड़ाया
नई दिल्ली। शुक्रवार को राजधानी दिल्ली की सड़क पर रफ्तार और नशे का कहर देखने को मिला। नशे में चूर एक रईसजादे ने तड़के करीब 4 बजे ड्यूटी पर तैनात पुलिस वाले को कार से उड़ा दिया। जिस वक्त हादसा हुआ उस वक्त कार की रफ्तार 150 KM प्रति घंटा बतायी जा रही है। पुलिसकर्मी की हालत बेहद नाजुक बनी हुई है और उसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है और मामले की छानबीन कर रही है। वहीं हादसे के बाद कार बिल्कुल चकनाचूर हो गया है।

जानकारी के मुताबिक शुक्रवार की सुबह लगभग 3 से 4 बजे के बीच एक तेज रफ्तार स्कोडा कार नेल्सन मंडेला मार्ग से गुजर रही थी। तभी रास्ते में बेरिकेटिंग पर तैनात कांस्टेबल भूप सिंह और किशोरी लाल ने गाड़ी को रुकने का इशारा किया। लेकिन उस वक्त हवा से बातें कर रही थी और नशे में बेकाबू चालक ने पुलिस बेरिकेटिंग को ही उड़ा दिया, इस दौरान कार ने कांस्टेबल भूप सिंह को भी बुरी तरह टक्कर मार दी। गंभीर रुप से घायल कांस्टेबल भूप सिंह को फौरन पास के एक प्राइवेट अस्पताल में भर्ती कराया गया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि पुलिस का बुलेटप्रूफ आर्मर स्कोडा कार की टक्कर से दूर जाकर गिरा।
जानकारी के मुताबिक आरोपी का नाम अखिलेश लोहिया है। वो साउथ एक्स में रहने वाला एक बिजनेसमैन है। उधर, अस्पताल में भर्ती कांस्टेबल भूप सिंह के परिवार का भी बुरा हाल है। भूप सिंह वसंतकुंज थाने के सबसे तेजतर्रार पुलिसकर्मियों में से एक है। 25 वर्षीय भूप सिंह की शादी 3 साल पहले हुई थी. उसका एक डेढ वर्षीय बच्चा भी है।












Click it and Unblock the Notifications