आम आदमी को एक और झटका, सरकार ने सब्सिडी वाले LPG सिलेंडर की कीमत बढ़ाई
सरकार ने जुलाई में फैसला लिया था कि सब्सिडी के बोझ को कम करने के लिए हर महीने एलपीजी की कीमत में 2 रुपये का इजाफा किया जाएगा।
नई दिल्ली। पेट्रोल की कीमतों में इजाफा होने के एक दिन बाद आम आदमी को एक और झटका मिला है। घरेलू एलपीजी की कीमत में 2.07 रुपये का इजाफा किया गया है। यह कीमत सब्सिड़ी वाले सिलेंडर में बढ़ाई गई है।

सब्सिडी पर मिलने वाले 14.2 किलो वाले सिलेंडर की कीमत अब तक 430.64 रुपये थी, जो बढ़ी हुई कीमत के साथ 432.71 रुपये पर मिलेगा। जुलाई से अब तक सरकार ने सातवीं बार सिलेंडर की कीमत बढ़ाई है।
सरकार ने जुलाई में फैसला लिया था कि सब्सिडी के बोझ को कम करने के लिए हर महीने एलपीजी की कीमत में 2 रुपये का इजाफा किया जाएगा। एक नवंबर को सरकार ने 2.05 रुपये कीमत बढ़ाई थी। इसके तीन दिन पहले 28 अक्टूबर को भी सरकार ने 1.5 रुपये प्रति सिलेंडर कीमत में इजाफा किया था।
एक अक्टूबर को सरकार ने 2.03 रुपये कीमत बढ़ाई थी जिसके बाद सब्सिडी सिलेंडर की कीमत 427.09 रुपये हो गई थी।
बुधवार आधी रात से पेट्रोल के दाम में 13 पैसे का इजाफा किया गया जबकि डीजल की कीमत में 12 पैसे की कटौती की गई है।












Click it and Unblock the Notifications