दिल्ली में महिला डॉक्टर की गला रेतकर हत्या, 2 संदिग्ध साथी लापता
नई दिल्ली। उत्तरी दिल्ली के रंजीतनगर में एक 25 साल के महिला डॉक्टर की मंगलवार रात गला रेतकर हत्या कर दी गई। उसके फ्लैट के बगल में रहने वाले दो युवक भी लापता बताए जा रहे हैं। पुलिस के मुताबिक एक लड़के की लड़की से दोस्ती थी। मृतका की पहचान गरिमा मिश्रा के तौर पर हुई है। वह एमबीबीएस के बाद दिल्ली में एमडी के लिए तैयारी कर रही थी। लापता हुए दो युवक डॉक्टर हैं। वे भी दिल्ली में मास्टर की डिग्री के लिए तैयारी कर रहे थे।

जानकारी के मुताबिक, मूलरूप से उत्तर प्रदेश के गोरखपुर की रहने वाली डॉ. गरिमा मिश्रा सेंट्रल दिल्ली के रंजीत नगर में रहती थीं और एमडी परीक्षा की तैयारी कर रही थीं। डीसीपी (सेंट्रल) मंदीप सिंह रंधावा ने कहा कि महिला डॉक्टर का चचेरा भाई मंगलवार रात जब उससे मिलने आया था तो वह अपने घर में मृत मिली थी।
पुलिस ने कहा कि डॉ. गरिमा मिश्रा और लापता डॉक्टर दोनों ही रूममेट के साथ अगल-बगल के कमरों में रहते थे और दोस्त थे। ये दोनों ही एमडी की तैयारी कर रहे थे। पुलिस ने बताया कि, मृतक डॉक्टर का शव उसके फ्लैट से बरामद किया गया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस फिलहाल लापता दोनों युवकों की तलाश कर रही है।












Click it and Unblock the Notifications