लव मैरिज के बाद करियर को लेकर हुआ झगड़ा, स्काइप से लिया तलाक
लव मैरिज के बाद करियर की वजह से दंपति में झगड़ा होने लगा। दोनों ने तलाक का फैसला लिया और स्काइप के जरिए पत्नी ने कोर्ट में बयान दिया।
पुणे। पुणे के फैमिली कोर्ट में पहली बार स्काइप पर तलाक का फैसला हुआ। यह पुणे के फैमिली कोर्ट में पहला ऐतिहासिक फैसला था जब पति-पत्नी को आपसी सहमति से तलाक चाहिए था पर पत्नी लंदन में किसी काम में फंसे होने की वजह से पुणे नहीं आ सकी। ऐसी स्थिति में कोर्ट ने स्काइप द्वारा तलाक पर फैसला सुनाया।

एक दंपति ने एक दूसरे के सहमति से तलाक के लिए आवेदन दिया था। शनिवार को पति सुनवाई के लिए सिंगापुर से भारत आया था। लेकिन व्यक्तिगत कारणों की वजह से पत्नी लंदन से भारत नहीं आ सकी। इस समय कोर्ट ने केस को आगे की तारीख न देते हुए स्काइप पर अपनी राय व्यक्त करने के लिए पत्नी को अनुमति दी। वकील ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए सुनवाई हो ऐसी विनंती की थी, जिसे कोर्ट ने मंजूरी दी थी।
पति के कोर्ट में उपस्थित होने के बाद पत्नी स्काइप के जरिए अपनी राय कोर्ट के समक्ष बयां कर रही थी। सीनियर डिविजन जज वी.एस. मलकानपट्टे रेड्डी स्काइप पर पत्नी का पक्ष सुन रहे थे। दोनों पक्षों की बात सुनकर कोर्ट ने स्काइफ पर ही तलाक के लिए मंजूरी दी।

इस दंपति ने प्रेमविवाह किया था। एक ही कॉलेज में दोनों साथ पढ़ते थे। 2015 में अमरावती में शादी करने के बाद, दोनों नौकरी के सिलसिले में पुणे आ गए थे। हिंजवडी में दोनों अलग-अलग कंपनी में काम करने लगे थे। पति सिंगापुर और पत्नी को लंदन जाने का अवसर मिला। पति सिंगापुर चला गया लेकिन पत्नी को कुछ समय के लिए पुणे में ही रूकना पड़ा। महीने भर के अंदर दोनों में करियर को लेकर वाद-विवाद होने लगे। जिसके चलते दोनों ने आपसी सहमति से तलाक लेने का फैसला किया।
दोनों ने 2016 में तलाक के लिए आवेदन दिया था। इसके बाद पत्नी लंदन के लिए निकल गई। दोनों की शादी करियर मार्ग में आड़े न आए इसलिए पत्नी ने तलाक की मांग की थी और आवेदन में भी यही लिखा था कि शादी करियर में बाधा बन रही थी।












Click it and Unblock the Notifications