MP News: सीएम मोहन यादव के नेतृत्व में उच्च शिक्षा में नया रिकॉर्ड, e-Pravesh से 4.89 लाख विद्यार्थियों ने लिया प्रवेश
मध्य प्रदेश के उच्च शिक्षा विभाग ने डिजिटल ई-प्रवेश प्रणाली और 24x7 सहायता से प्रेरित होकर छात्र प्रवेश में एक नया रिकॉर्ड दर्ज किया है। यह पहल सरकारी और निजी कॉलेजों में ऑनलाइन पंजीकरण, दस्तावेज़ सत्यापन, पाठ्यक्रम चयन और शुल्क भुगतान को सुव्यवस्थित करती है, जिससे स्नातक, स्नातकोत्तर और एनसीटीई कार्यक्रमों में उच्च नामांकन में योगदान होता है।
मध्यप्रदेश में उच्च शिक्षा के क्षेत्र में डिजिटल बदलाव का असर अब रिकॉर्ड प्रवेश के रूप में दिखाई देने लगा है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में उच्च शिक्षा विभाग की e-Pravesh (ई-प्रवेश) प्रणाली ने नया कीर्तिमान स्थापित किया है। विभाग के अनुसार 24 जुलाई 2026 तक प्रदेश के शासकीय और अशासकीय महाविद्यालयों में 4,89,169 विद्यार्थियों ने प्रवेश ले लिया है, जो पिछले चार वर्षों में इसी अवधि का सबसे अधिक आंकड़ा है। उच्च शिक्षा विभाग का कहना है कि प्रवेश प्रक्रिया को पूरी तरह डिजिटल, पारदर्शी और विद्यार्थी-केंद्रित बनाने के लिए किए गए सुधारों का सकारात्मक परिणाम इस वर्ष स्पष्ट रूप से देखने को मिला है।

विभाग के आंकड़ों के अनुसार वर्ष 2023-24 में इसी अवधि तक 3,21,154 विद्यार्थियों ने प्रवेश लिया था। वर्ष 2024-25 में यह संख्या 3,25,095 रही, जबकि वर्ष 2025-26 में 4,15,655 विद्यार्थियों ने प्रवेश प्राप्त किया। वर्ष 2026-27 में यह आंकड़ा बढ़कर 4,89,169 तक पहुंच गया।
इस प्रकार पिछले वर्ष की तुलना में 73,514 और वर्ष 2023-24 की तुलना में 1,68,015 अधिक विद्यार्थियों ने उच्च शिक्षा में प्रवेश लेकर नया रिकॉर्ड बनाया है।
डिजिटल e-Pravesh प्रणाली बनी सफलता की आधारशिला
उच्च शिक्षा विभाग के अनुसार इस उपलब्धि के पीछे e-Pravesh पोर्टल और मोबाइल एप की महत्वपूर्ण भूमिका रही है। अब विद्यार्थी घर बैठे ऑनलाइन पंजीयन, दस्तावेज अपलोड, सत्यापन, कॉलेज एवं पाठ्यक्रम का चयन, शुल्क भुगतान और प्रवेश प्रक्रिया पूरी कर पा रहे हैं।
डिजिटल व्यवस्था के कारण विद्यार्थियों और अभिभावकों को अनावश्यक भागदौड़ से राहत मिली है, वहीं पूरी प्रक्रिया पहले की तुलना में अधिक सरल, पारदर्शी और समयबद्ध हुई है।
24×7 कॉल सेंटर और CLC सुविधा से बढ़ी पहुंच
प्रवेश प्रक्रिया को सुगम बनाने के लिए विभाग ने प्रदेशभर के महाविद्यालयों में हेल्प सेंटर, 24×7 कॉल सेंटर, जिला एवं संभाग स्तर पर नियमित मॉनिटरिंग तथा तकनीकी सहायता की व्यवस्था की है।
कॉलेज लेवल काउंसिलिंग (CLC) चरण को भी पूरी तरह विद्यार्थी-केंद्रित बनाया गया है। इसमें विद्यार्थियों को उसी दिन पंजीयन, दस्तावेज सत्यापन और प्रवेश की सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है। वर्तमान शैक्षणिक सत्र में अब तक 7,18,386 विद्यार्थियों ने ई-प्रवेश पोर्टल पर पंजीयन कराया है। इनमें से 6,31,854 विद्यार्थियों के दस्तावेजों का सत्यापन पूरा हो चुका है, जबकि 4,89,169 विद्यार्थियों को प्रवेश मिल चुका है।
इनमें 3,38,148 विद्यार्थियों ने स्नातक (UG), 1,04,455 ने स्नातकोत्तर (PG) तथा 46,566 विद्यार्थियों ने एनसीटीई (NCTE) पाठ्यक्रमों में प्रवेश लिया है।
'प्रवेश मेला' अभियान से अंतिम चरण में मिली रफ्तार
अतिरिक्त कॉलेज लेवल काउंसिलिंग (CLC) राउंड के दौरान उच्च शिक्षा विभाग ने प्रदेशभर के शासकीय, अशासकीय और निजी महाविद्यालयों में 'प्रवेश मेला' अभियान संचालित किया। इस अभियान के तहत विद्यार्थियों को एक ही स्थान पर पंजीयन, चॉइस फिलिंग, दस्तावेज सत्यापन, सीट आवंटन, शुल्क भुगतान और प्रवेश संबंधी सभी सुविधाएं उपलब्ध कराई गईं। हेल्प डेस्क के माध्यम से विद्यार्थियों की समस्याओं का तत्काल समाधान किया गया।
विभाग ने उन विद्यार्थियों से भी व्यक्तिगत रूप से संपर्क किया, जिन्होंने पंजीयन या दस्तावेज सत्यापन के बाद शुल्क जमा नहीं किया था। जिन पाठ्यक्रमों में सीटें रिक्त थीं, वहां विशेष परामर्श अभियान चलाकर विद्यार्थियों को विषय चयन और चॉइस संशोधन में सहायता प्रदान की गई।
31 जुलाई तक प्रवेश का अवसर
उच्च शिक्षा विभाग ने बताया कि कॉलेज लेवल काउंसिलिंग (CLC) चरण की अंतिम तिथि 31 जुलाई निर्धारित की गई है। सभी शासकीय और अशासकीय महाविद्यालयों को निर्देश दिए गए हैं कि अंतिम चरण तक हेल्प सेंटर पूरी सक्रियता से संचालित रहें और प्रत्येक पात्र विद्यार्थी तक पहुंच सुनिश्चित की जाए।
विभाग ने विद्यार्थियों से अपील की है कि वे निर्धारित समय सीमा के भीतर अपना प्रवेश सुनिश्चित करें। विभाग का उद्देश्य है कि प्रदेश का कोई भी विद्यार्थी जानकारी के अभाव, तकनीकी कठिनाई या प्रक्रिया संबंधी समस्या के कारण उच्च शिक्षा से वंचित न रहे।


Click it and Unblock the Notifications
